
भोपाल। मध्यप्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की दुबई यात्रा का तीसरा दिन भी काफी अहम रहने वाला है। 8 सितंबर को मुख्यमंत्री UAE के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकों और संवाद सत्रों में हिस्सा लेंगे। इन बैठकों में मध्यप्रदेश में निवेश के अवसर, उपलब्ध औद्योगिक सुविधाएं और राज्य की निवेश अनुकूल नीतियों पर विस्तार से चर्चा होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव अलग-अलग कंपनियों और कारोबारी समूहों के प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन मीटिंग करेंगे। इसका उद्देश्य UAE के निवेशकों को मध्यप्रदेश में उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी देना और उन्हें राज्य में निवेश के लिए आकर्षित करना है।
मुख्यमंत्री जिन प्रमुख निवेशकों और उद्यमियों से मुलाकात करेंगे, उनमें राणा होल्डिंग्स, जेम्स एजुकेशन, क्रेसेंट ग्रुप, प्योर हेल्थ, शराफ ग्रुप, चोइथराम्स, DP World, ब्यूमर्क कॉरपोरेशन, वेस्ट ज़ोन, KGK ग्रुप, विस्टास मीडिया कैपिटल और VFS ग्लोबल के वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल हैं।
इन बैठकों में मध्यप्रदेश में निवेश के लिए उपलब्ध औद्योगिक ढांचे, अलग-अलग सेक्टर में मौजूद अवसरों और सरकार की निवेशक-अनुकूल नीतियों को सामने रखा जाएगा। साथ ही संभावित निवेश परियोजनाओं और भविष्य में सहयोग की संभावनाओं पर भी बातचीत होगी।
दुबई दौरे के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष अब्दुल्ला सुल्तान अल ओवैस से भी मुलाकात करेंगे। इसके बाद चैंबर और IBPC Sharjah के प्रतिनिधियों के साथ राउंड टेबल मीटिंग होगी। इस संवाद के दौरान मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश में निवेश के अवसरों और राज्य में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी साझा करेंगे।
यह भी पढ़ें
मुख्यमंत्री निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों को Invest Madhya Pradesh Global Investors Summit-2027 में शामिल होने के लिए आमंत्रित भी करेंगे। बैठक का फोकस मध्यप्रदेश और UAE के कारोबारी समुदाय के बीच निवेश एवं व्यावसायिक सहयोग को और मजबूत करने पर रहेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव बीआह समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और इमार के समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी से भी मुलाकात करेंगे। इन बैठकों में पर्यावरण प्रबंधन, शहरी विकास, रियल एस्टेट और अधोसंरचना जैसे क्षेत्रों में मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होगी। इन क्षेत्रों में UAE की कंपनियों के अनुभव और विशेषज्ञता को मध्यप्रदेश के विकास से जोड़ने के विकल्पों पर भी बातचीत की जाएगी। मुख्यमंत्री दोनों उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों को आगामी Global Investors Summit-2027 में शामिल होने का निमंत्रण देंगे।
दुबई यात्रा के तीसरे दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मीडिया से भी संवाद करेंगे। इसके अलावा “Invest in Madhya Pradesh” संवाद सत्र में UAE के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से सीधे बातचीत करेंगे। इस सत्र के जरिए मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश की मौजूदा निवेश क्षमता, औद्योगिक आधार और भविष्य के अवसरों को अंतरराष्ट्रीय निवेश समुदाय के सामने रखेंगे। खास तौर पर निवेशकों को यह बताया जाएगा कि मध्यप्रदेश में अलग-अलग क्षेत्रों में किस तरह की संभावनाएं मौजूद हैं और राज्य सरकार निवेश को आसान बनाने के लिए किस तरह की नीतियां और सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।
मुख्यमंत्री का यह दौरा मध्यप्रदेश को UAE के निवेशकों के लिए एक प्रमुख निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। साथ ही, Global Investors Summit-2027 के लिए अंतरराष्ट्रीय निवेशकों को जोड़ने की कोशिश भी इस दौरे का बड़ा हिस्सा है।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।