Kshipra Tirth Parikrama: जल गंगा संवर्धन अभियान को मिला जनसमर्थन, उज्जैन-भोपाल में होंगे बड़े सांस्कृतिक आयोजन

Published : May 19, 2026, 05:50 PM IST
mohan yadav mp Jal Ganga Samvardhan Abhiyan Kshipra Tirth Parikrama

सार

मध्यप्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत उज्जैन में 25-26 मई को शिप्रा तीर्थ परिक्रमा और भोपाल में 27 मई से 2 जून तक सदानीरा समागम आयोजित होगा। कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री मोहन यादव, मैथिली ठाकुर, भारतीय नौसेना बैंड और कई अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि शामिल होंगे।

भोपाल। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री Mohan Yadav के नेतृत्व में जल संरक्षण को लेकर बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। नदी, तालाब और पारंपरिक जल संरचनाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से शुरू हुआ जल गंगा संवर्धन अभियान अब जनभागीदारी के साथ व्यापक जनआंदोलन का रूप ले चुका है। प्रदेश में अब तक 1 लाख 77 हजार 121 जल संरक्षण कार्य पूरे किए जा चुके हैं।

इसी कड़ी में महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ द्वारा उज्जैन में 25 और 26 मई को शिप्रा तीर्थ परिक्रमा आयोजित की जाएगी। वहीं राजधानी भोपाल में वीर भारत न्यास की ओर से 27 मई से 2 जून तक सदानीरा समागम का आयोजन होगा। इसकी जानकारी मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार, महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के निदेशक और वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी ने प्रेस वार्ता में दी।

उज्जैन में निकलेगी भव्य शिप्रा तीर्थ परिक्रमा

श्रीराम तिवारी ने बताया कि गंगा दशमी के अवसर पर आयोजित होने वाली शिप्रा तीर्थ परिक्रमा धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से विशेष महत्व रखती है। 25 मई को यह यात्रा रामघाट से शुरू होकर नृसिंह घाट, कर्कराज मंदिर, वेधशाला, महामृत्युंजय द्वार, प्रशांतिधाम शनि मंदिर होते हुए दत्त अखाड़ा घाट पहुंचेगी। रात्रि विश्राम के बाद गंगा दशमी के दिन यह परिक्रमा रणजीत हनुमान मंदिर, भैरवगढ़, सिद्धवट, मंगलनाथ, सांदीपनि आश्रम, गढ़कालिका और गोपाल मंदिर से होकर पुनः रामघाट पहुंचेगी।

मुख्यमंत्री मोहन यादव माँ शिप्रा को अर्पित करेंगे 300 फीट लंबी चुनरी

शिप्रा तीर्थ परिक्रमा के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव श्रद्धालुओं की मौजूदगी में माँ शिप्रा को 300 फीट लंबी चुनरी अर्पित करेंगे। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह देखा जा रहा है।

मैथिली ठाकुर और भारतीय नौसेना बैंड की प्रस्तुति होगी आकर्षण का केंद्र

उज्जैन में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत पंडित ढोली बुवा द्वारा नारद कथा गायन पर आधारित हरिकथा का आयोजन 17 मई से प्रतिदिन शाम 7:30 बजे रामघाट पर किया जा रहा है। इसके अलावा दत्त अखाड़ा घाट पर भजन संध्या में इंदौर के श्रेयश शुक्ला और साथियों के साथ जबलपुर की लोक गायिका Maithili Thakur समेत कई कलाकार प्रस्तुति देंगे। 26 मई को भारतीय नौसेना बैंड की विशेष प्रस्तुति के साथ मुंबई के केशवम् बैंड द्वारा भजन जैमिंग कार्यक्रम भी आयोजित होगा। मैथिली ठाकुर और उनके साथियों द्वारा भजनों की प्रस्तुति कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेगी।

भोपाल में 27 मई से शुरू होगा सदानीरा समागम 2026

वीर भारत न्यास द्वारा भारत भवन, भोपाल में 27 मई से 2 जून 2026 तक सदानीरा समागम आयोजित किया जाएगा। यह सात दिवसीय आयोजन जल संरक्षण, भारतीय संस्कृति और पंचमहाभूतों पर आधारित राष्ट्रीय विमर्श का मंच बनेगा। समागम में देश-विदेश के वैज्ञानिक, पर्यावरणविद्, कलाकार, नीति निर्माता और विद्वान शामिल होंगे। पहली बार इसरो, जेके ट्रस्ट, एचयूएल फाउंडेशन, जेके सीमेंट, जेएसडब्ल्यू, टाटा ट्रस्ट, ओएनजीसी, वेदांता ग्रुप और अन्य बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधि जल संरक्षण के मुद्दे पर एक मंच साझा करेंगे। इसके अलावा फिजी, त्रिनिदाद एंड टोबैगो, वेनेजुएला, मैक्सिको, सूरीनाम, इक्वाडोर, साइप्रस और नेपाल सहित कई देशों के राजनयिक प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री मोहन यादव करेंगे कार्यक्रम का शुभारंभ

सदानीरा समागम का शुभारंभ 27 मई की शाम 7 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में होगा। इस अवसर पर इसरो हैदराबाद के भू-विज्ञान समूह के निदेशक डॉ. ईश्वर चंद्र दास विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्यप्रदेश सरकार के संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी करेंगे।

पंचमहाभूत और जल संरक्षण पर होंगे विशेष सत्र

समागम में भारतीय दर्शन के पंचमहाभूत- जल, पृथ्वी, वायु, आकाश और अग्नि पर केंद्रित विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें भूजल संरक्षण, पर्यावरण, नवीकरणीय ऊर्जा, संस्कृति और पारंपरिक ज्ञान पर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे। इसरो, काशी हिंदू विश्वविद्यालय, आईआईएम बोधगया सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों और कॉर्पोरेट कंपनियों के CSR प्रमुख भी इन सत्रों में हिस्सा लेंगे।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजेगा सदानीरा समागम

समारोह के दौरान प्रतिदिन नृत्य-नाटिकाएं, लोकगायन, रंगमंचीय प्रस्तुतियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। भारतीय नौसेना बैंड की सिम्फनी, गोवर्धन लीला, गंगा यात्रा, नदी गीत, पानी नामा, जल प्रवाह और नर्मदे हर जैसी प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहेंगी। दक्षिण कोरिया की मूट डांस कंपनी भी अपनी प्रस्तुति देगी। साथ ही मालवा, निमाड़, बुंदेलखंड और बघेलखंड की लोक संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम दर्शकों को भारतीय परंपरा से जोड़ेंगे।

प्रवाह फिल्म समारोह में दिखाई जाएंगी जल संरक्षण पर आधारित फिल्में

28 मई से 2 जून तक भारत भवन के अभिरंग सभागार में जल विषयक डॉक्यूड्रामा फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। हिंदी और अंग्रेजी भाषा की 15-15 फिल्मों में जल संकट, गंगा नदी, आखिरी बूंद और नदियों के संरक्षण जैसे विषय शामिल रहेंगे।

जल, जंगल और जीवन पर होगी चित्रांकन कार्यशाला

सदानीरा समागम के दौरान जल, जंगल और जीवन विषय पर राष्ट्रीय जनजातीय चित्रांकन कार्यशाला आयोजित होगी। पारंपरिक चित्र शैलियों पर आधारित इस आयोजन में देशभर के कलाकार भाग लेंगे।

जल संरक्षण विषय पर लगेंगी चार विशेष प्रदर्शनियां

समागम में जल संरक्षण और पर्यावरण पर आधारित चार विशेष प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। इनमें भूगर्भीय जल स्रोत, मध्यप्रदेश का जल गंगा संवर्धन अभियान, जलचर जीवन और जल से जुड़े प्राणतत्वों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, बरकतुल्ला विश्वविद्यालय और क्षेत्रीय प्राकृतिक विज्ञान संग्रहालय, भोपाल सहयोग करेंगे।

कई महत्वपूर्ण पुस्तकों का होगा लोकार्पण

कार्यक्रम में जल संरक्षण और संस्कृति से जुड़ी कई पुस्तकों का विमोचन भी किया जाएगा। इनमें अंतर्जली यात्रा, पुरोवाक्, आत्मा की घाटी में पानी का संगीत, युगयुगीन जल, जल संस्कृति और स्थापत्य तथा लोक तीर्थ माहात्म्य जैसी पुस्तकें शामिल हैं।

ये संस्थाएं कर रही हैं आयोजन में सहयोग

भारत भवन, मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय, जनसंपर्क विभाग, मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, संचालनालय पुरातत्व, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, सेज यूनिवर्सिटी, एलएनसीटी यूनिवर्सिटी और जिला प्रशासन भोपाल सहित कई संस्थाएं आयोजन में सहयोग कर रही हैं।

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

ट्विशा शर्मा डेथ केस में सबसे बड़ा खुलासा, मां ने कहा-मौत से 5 दिन पहले का सच जिंदगी भर नहीं भूलूंगी
Twisha Sharma Case: यातना, दहेज उत्पीड़न और मानसिक इलाज-आरोपों का घिनौना खेल! सच क्या है?