
भोपाल। मध्यप्रदेश में किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से दिलाने के लिए फार्मर आईडी बनाने का अभियान शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार, 22 अगस्त को नई दिल्ली से शिवपुरी जिले की कृषि उपज मंडी पिपरसमा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में वर्चुअली हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों से अपनी फार्मर आईडी जरूर बनवाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब किसानों को फार्मर आईडी बनवाने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने या लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं होगी। सरकारी दल गांव-गांव और किसानों के बीच पहुंचकर उनकी फार्मर आईडी बनाने का काम करेंगे। इससे किसानों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने में आसानी होगी।
शून्य प्रतिशत ब्याज पर मिलेगा अग्रिम खाद
सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश के किसानों को खाद को लेकर परेशान होने की जरूरत नहीं है। सरकार ने शून्य प्रतिशत ब्याज पर अग्रिम खाद उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है, ताकि पैसों की कमी के कारण किसान की खेती प्रभावित न हो।
उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के माथे पर चिंता की एक भी लकीर नहीं आने देगी। शिवपुरी के किसानों की मेहनत का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले की मूंगफली की पहचान पूरे देश में बन रही है।
सीएम ने किसानों से पारंपरिक फसलों के साथ-साथ बागवानी, डेयरी, मत्स्य पालन और पशुपालन जैसे क्षेत्रों से भी जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों से किसानों की आमदनी के अतिरिक्त स्रोत तैयार होंगे।
अब 31 मार्च तक लोन चुकाने की बाध्यता खत्म
मुख्यमंत्री ने किसानों को ऋण भुगतान के मामले में भी बड़ी राहत की बात कही। उन्होंने कहा कि किसानों को पहले 31 मार्च तक ऋण की राशि चुकानी होती थी, लेकिन अब इस समय सीमा को खत्म कर दिया गया है।
अब किसान एक साल के भीतर अपनी सुविधा के अनुसार ऋण चुका सकेंगे। सरकार के इस फैसले से किसानों को फसल और आय के हिसाब से ऋण भुगतान करने में सुविधा मिलेगी।
ई-विकास 2.0 से खाद खरीदना होगा आसान
डॉ. यादव ने कहा कि ई-विकास प्रणाली को और अधिक सरल, सहज और किसान हितैषी बनाया गया है। ई-विकास 2.0 के जरिए किसान अपनी जरूरत के अनुसार उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि अब किसान अपनी पसंद का कोई भी एक उर्वरक खरीद सकेंगे। इसके लिए किसी दूसरे उर्वरक को साथ में खरीदना अनिवार्य नहीं होगा।
खेती के साथ दूसरे क्षेत्रों में भी बढ़ रही किसानों की कमाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के किसान अब केवल खेती तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दूसरे माध्यमों से भी अपनी आमदनी बढ़ा रहे हैं। उन्होंने होमस्टे, पर्यटन, डेयरी और पशुपालन जैसी गतिविधियों का जिक्र किया।
उन्होंने शिवपुरी के माधव टाइगर रिजर्व का उल्लेख करते हुए कहा कि पर्यटन बढ़ने से स्थानीय लोगों और किसानों के लिए आय के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। सरकार किसानों की समृद्धि के लिए लगातार काम कर रही है।
चना और गन्ना किसानों को दिन में मिलेगी बिजली
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले साल जो किसान चना या गन्ने की फसल लगाएंगे, उन्हें इन फसलों के लिए दिन के समय बिजली उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। इससे किसानों को सिंचाई के लिए रात में खेतों पर जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि रात में सिंचाई के दौरान किसानों को करंट लगने और सांप के काटने जैसी घटनाओं का खतरा बना रहता है। दिन में बिजली मिलने से इन परेशानियों को कम किया जा सकेगा।
रक्षाबंधन से पहले लाड़ली बहनों के खातों में पहुंची राशि
सीएम मोहन यादव ने प्रदेश की लाड़ली बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लाड़ली बहना योजना की राशि त्योहार से पहले उनके खातों में भेजी गई है। उन्होंने कहा कि इससे बहनें खुशी के साथ रक्षाबंधन का त्योहार मना सकेंगी।
उन्होंने किसानों को मिलने वाली किसान सम्मान निधि का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को हर साल 12 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है, जिससे वे खाद, बीज और खेती से जुड़ी दूसरी जरूरतों को समय पर पूरा कर सकें।
शिवपुरी को कृषि क्षेत्र में आगे ले जाने का संकल्प
मुख्यमंत्री ने शिवपुरी की भौगोलिक और कृषि क्षमता का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले को कृषि क्षेत्र में और आगे ले जाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत और सरकार की योजनाओं के साथ मिलकर शिवपुरी को कृषि का सिरमौर बनाया जाएगा।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।