मध्यप्रदेश में 2 लाख नई भर्तियां, ग्रेड पे और पेंशन सुधार पर बनेगा नया आयोग: सीएम मोहन यादव

Published : Oct 28, 2025, 06:52 PM IST
Mohan yadav

सार

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार की सफलता कर्मचारियों के सहयोग पर निर्भर है। राज्य सरकार 2 लाख नई भर्तियां करेगी, पेंशन व ग्रेड पे विसंगतियों के लिए नया आयोग बनेगा और कर्मचारियों को 55% डीए, आवास व बीमा का लाभ मिलेगा।

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार की सफलता कर्मचारियों के सहयोग के बिना संभव नहीं है। प्रदेश के विकास में अधिकारी और कर्मचारी सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शासकीय कर्मचारियों की मुस्कान ही विकास का असली आधार है। राज्य सरकार हर समय कर्मचारियों के हितों के लिए तत्पर है और उनके कल्याण के लिए निरंतर कदम उठा रही है।

कर्मचारियों की पेंशन और ग्रेड पे के लिए बनेगी नई समिति

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने 1 जनवरी 2005 या उसके बाद नियुक्त कर्मचारियों के लिए एकीकृत पेंशन योजना लागू करने हेतु समिति गठित करने का निर्णय लिया है। इससे पेंशन संबंधी विसंगतियों को दूर किया जा सकेगा। साथ ही, वेतन विसंगति, ग्रेड पे और पदनाम परिवर्तन के लिए सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारियों की सहभागिता से नया आयोग बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसामान्य के कार्यों का त्वरित निपटारा और अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठा कर्मचारियों का दायित्व है। शासन और प्रशासन के आपसी सहयोग से प्रदेश को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।

दीपावली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री का संबोधन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंत्रालय स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल पार्क में राज्य कर्मचारी संघ द्वारा आयोजित दीपावली मिलन समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम आपसी संवाद और सौहार्द का प्रतीक है।

2 लाख नए पदों पर भर्ती और यूपीएससी तर्ज की परीक्षा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के हितों का पूरा ध्यान रख रही है। 9 साल से लंबित हाउस रेंट अलाउंस का समाधान किया गया है। प्रदेश के लगभग 4 लाख कर्मचारियों को जल्द ही प्रमोशन का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि नई भर्ती प्रक्रिया शुरू कर 2 लाख नए पद सृजित किए जा रहे हैं। यूपीएससी की तर्ज पर एक एकीकृत परीक्षा आयोजित होगी, जिससे कई पदों की भर्ती एक ही परीक्षा से की जा सकेगी।

पुलिस और आंगनबाड़ी में भी बड़े स्तर पर भर्ती

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस भर्ती में तेजी लाने के लिए पुलिस भर्ती बोर्ड बनाया गया है। पुलिस विभाग में 20 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। इसके साथ ही आंगनबाड़ी पर्यवेक्षकों के 476 नए पद स्वीकृत किए गए हैं और कार्यकर्ता-सहायिकाओं के 19,504 पदों पर डिजिटल पद्धति से भर्ती शुरू हो रही है।

कर्मचारियों के लिए नए आवास और बीमा योजनाएं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य कर्मचारियों को केंद्रीय कर्मचारियों के समान 55 प्रतिशत महंगाई भत्ते का लाभ दिया गया है। एरियर का भुगतान जून से अक्टूबर 2025 तक पांच किस्तों में पूरा किया गया। उन्होंने बताया कि स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत 366 आवास कर्मचारियों को आवंटित किए जा चुके हैं और 300 से अधिक नए आवास भी तैयार हैं, जिन्हें जल्द सिंगल क्लिक से आवंटित किया जाएगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं को जीवन ज्योति बीमा और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का लाभ भी दिया जाएगा।

कर्मचारियों के हित में और निर्णय जल्द

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के दो साल पूरे होने पर कर्मचारियों के हित में और महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। इस दौरान उन्होंने सभी को छठ पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

Kite Festival : एक गलती और कट गईं 3 गर्दन, पतंग उड़ाते वक्त UP में युवक की मौत
Bhopal Weather Today: मकर संक्रांति पर भोपाल का मौसम कैसा रहेगा? दिखेगा ठंड और धूप का शानदार मेल