
Laadli Behna Yojana: मध्यप्रदेश में लाड़ली बहना योजना (Laadli Behna Yojana Latest Update) को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। दो साल में साढ़े तीन लाख महिलाओं के नाम समग्र पोर्टल से डिलीट कर दिए गए हैं। हितग्राही महिलाएं लगातार शिकायत कर रही हैं कि उनका आधार समग्र पोर्टल से डीलिंक कर दिया गया है, जिससे वे योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता से वंचित हो रही हैं।
आगर मालवा और बैतूल जिलों के कलेक्टरों ने एमपी स्टेट इलेक्ट्रॉनिक डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (MPSEDC) को पत्र लिखकर इस मुद्दे पर ध्यान आकर्षित किया है। आगर मालवा कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि जिले में 58 महिलाओं के नाम समग्र पोर्टल से हटाए गए और 142 महिलाओं का आधार समग्र से डीलिंक कर दिया गया है। इसी तरह, बैतूल कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने भी 169 महिलाओं के नाम योजना से डिलीट किए जाने की जानकारी दी है।
महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि कुछ जिलों से इस तरह की शिकायतें आई हैं, और सरकार इस पर जांच करवाकर सुधार कराएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रभावित महिलाओं को योजना का लाभ दिलाने के लिए कदम उठाए जाएंगे।
लाड़ली बहना योजना (Laadli Behna Yojana Latest Update) के तहत सितंबर 2023 में सबसे अधिक 1.30 करोड़ महिलाएं लाभार्थी थीं, लेकिन फरवरी 2025 तक यह संख्या घटकर 1.27 करोड़ हो गई है। सरकार का कहना है कि 60 साल से अधिक उम्र की महिलाएं स्वतः योजना से बाहर हो रही हैं और कई महिलाएं अपनी आर्थिक स्थिति बदलने के कारण अपात्र हो रही हैं।
यह भी पढ़ें…अनोखी शादी: मंडप में इनकम टैक्स अफसर ने ठुकराया टीका, वजह जान रह जाएंगे हैरान!
मध्यप्रदेश सरकार ने 4 मार्च 2023 को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अगुवाई में लाड़ली बहना योजना लॉन्च की थी। पहले महिलाओं को ₹1000 प्रतिमाह दिए जाते थे, जिसे बाद में बढ़ाकर ₹1250 किया गया। सरकार ने इसे ₹3000 तक बढ़ाने का वादा किया था, लेकिन अब तक यह लागू नहीं हुआ है।
मध्यप्रदेश में लाड़ली बहना योजना से हजारों महिलाओं के नाम डिलीट होने का मामला सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया है। विपक्ष सरकार पर महिलाओं के साथ धोखा करने का आरोप लगा रहा है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि "बीजेपी सरकार ने बहनों को ₹3000 देने का वादा किया था, लेकिन सिर्फ ₹250 की वृद्धि हुई। अब हितग्राही महिलाओं के नाम भी हटाए जा रहे हैं। यह एक बड़ा धोखा है।" वहीं सरकार का कहना है कि यह प्रक्रिया पात्रता के आधार पर हो रही है। अब देखना होगा कि सरकार इस मुद्दे पर क्या कदम उठाती है।
यह भी पढ़ें… EV Policy 2025:इस राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों पर बंपर छूट,जानें सब्सिडी और फायदे
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।