MP में आने वाला है ₹1260 करोड़ का बड़ा निवेश! गुना में लगेगा देश का पहला सेमीकंडक्टर-ग्रेड सिलेन प्लांट

Published : Oct 08, 2026, 05:25 PM IST
CM Mohan Yadav met with INOX Air Products Ltd MD Siddharth Jain

सार

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मुंबई में आईनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स के साथ निवेश पर चर्चा की। कंपनी गुना में ₹1,260 करोड़ का निवेश कर सेमीकंडक्टर गैस प्लांट लगाने की तैयारी में है।

मुंबई: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार, 8 अक्टूबर 2026 को मुंबई के होटल द सेंट रेजिस में आयोजित ‘इंटरैक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटीज इन मध्यप्रदेश’ में उद्योगपतियों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने आईनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सिद्धार्थ जैन से प्रदेश में औद्योगिक गैस एवं सेमीकंडक्टर क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। बैठक में निवेश प्रोत्साहन, औद्योगिक इकाइयों के लिए आवश्यक सुविधाओं, ऊर्जा आपूर्ति और आधारभूत संरचना के विकास सहित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।

गुना में ₹1,260 करोड़ का निवेश

आईनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स लिमिटेड ने मध्यप्रदेश के गुना में भारत का पहला अति-उच्च शुद्धता वाला सेमीकंडक्टर-ग्रेड सिलेन गैस संयंत्र स्थापित करने के लिए ₹1,260 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया है। इस परियोजना का उत्पादन अप्रैल 2029 से प्रस्तावित है। इससे सेमीकंडक्टर उद्योग में उपयोग होने वाली महत्वपूर्ण गैस के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। परियोजना के माध्यम से लगभग ₹350 करोड़ के आयात प्रतिस्थापन और 320 से अधिक स्थानीय रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।

₹1,200 करोड़ के संभावित निवेश पर चर्चा

बैठक में लेटेस्ट टेक्नोलॉजी के उपयोग से सेमीकंडक्टर उद्योग में काम आने वाली विशेष गैसों के उत्पादन के लिए लगभग ₹1,200 करोड़ के संभावित निवेश पर भी चर्चा हुई। प्रस्तावित परियोजना के लिए लगभग 40 एकड़ भूमि की आवश्यकता बताई गई। इसके साथ ही प्राकृतिक गैस की उपलब्धता और गेल (GAIL) के आपूर्ति नेटवर्क के माध्यम से गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार किया गया। भारत में पहली बार इस तकनीक के माध्यम से संबंधित गैसों के उत्पादन की संभावना को देखते हुए परियोजना को सेमीकंडक्टर विनिर्माण क्षेत्र की जरूरतों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

औद्योगिक विकास के लिए अनुकूल वातावरण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव और सिद्धार्थ जैन के बीच निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए वित्तीय सहायता, ब्याज अनुदान, प्रति यूनिट ₹2 की बिजली सब्सिडी, विद्युत शुल्क में छूट, अनुकूलित सीसीआईपी मेगा पैकेज, रियायती दरों पर भूमि उपलब्ध कराने और समयबद्ध स्वीकृतियां प्रदान करने जैसे विषयों पर चर्चा हुई। इसके अतिरिक्त औद्योगिक इकाइयों तक जल, बिजली, प्राकृतिक गैस और सड़क जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

कंपनी का वार्षिक टर्नओवर ₹3,034 करोड़

आईनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स लिमिटेड का वार्षिक टर्नओवर ₹3,034 करोड़ है। कंपनी औद्योगिक, चिकित्सा एवं इलेक्ट्रॉनिक गैसों के उत्पादन और आपूर्ति के क्षेत्र में देश की अग्रणी कंपनियों में शामिल है। यह अमेरिका की एयर प्रोडक्ट्स एंड केमिकल्स के साथ 50:50 संयुक्त उद्यम के रूप में कार्य करती है। कंपनी ऑक्सीजन और नाइट्रोजन जैसी महत्वपूर्ण गैसों की आपूर्ति करती है। देश में इसके 57 संयंत्र हैं और यह क्रायोजेनिक टैंकरों के बेड़े के माध्यम से 2,600 से अधिक ग्राहकों को सेवाएं प्रदान करती है।

मध्यप्रदेश में कंपनी की मौजूदगी

कंपनी वर्ष 2000 से इंदौर और भोपाल में कार्यरत है। जून 2023 में कंपनी ने मध्यप्रदेश में राज्य का पहला लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित किया था। कंपनी में 360 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। वर्तमान में कंपनी जेके टायर और टीएसीसी में नई ऑन-साइट गैस उत्पादन इकाइयों तथा नर्मदापुरम में सौर ऊर्जा से जुड़ी नाइट्रोजन पाइपलाइन विकसित करने की दिशा में भी काम कर रही है।

सेमीकंडक्टर सेक्टर को मिलेगा बढ़ावा

बैठक में मध्यप्रदेश में औद्योगिक गैस उत्पादन, सेमीकंडक्टर उद्योग की आवश्यकताओं की पूर्ति, आयात पर निर्भरता कम करने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। प्रस्तावित निवेश परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश में उच्च प्रौद्योगिकी आधारित औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने और मध्यप्रदेश को उभरते सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम का महत्वपूर्ण केंद्र बनाने की दिशा में अवसर सृजित होने की उम्मीद है।

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

MP Investment: भिलोसा इंडस्ट्रीज के बड़े प्लान से हजारों रोजगार की उम्मीद, Textile Sector को मिलेगा बड़ा Boost
MP News: नाना पाटेकर के निधन पर भावुक हुए CM मोहन याद, बोले- सिनेमा को बड़ी क्षति