भोपाल। मध्यप्रदेश में टेलीकॉम और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ाने के लिए राज्य सरकार अब देश के बड़े टेक्नोलॉजी हब बेंगलुरु का रुख कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 22 सितंबर को बेंगलुरु में टेलीकॉम सेक्टर से जुड़े प्रमुख उद्योगपतियों और निवेशकों के साथ इन्वेस्टर्स राउंड टेबल में शामिल होंगे। इस दौरान ग्वालियर में विकसित किए जा रहे टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन (TMZ) में निवेश की संभावनाओं पर खास तौर पर चर्चा होगी।
बेंगलुरु के ताज होटल में आयोजित होने वाले इस इन्वेस्टर्स राउंड टेबल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव निवेशकों के सामने ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन की संभावनाएं रखेंगे। इसके साथ ही मध्यप्रदेश की औद्योगिक नीतियों और निवेशकों को मिलने वाले सरकारी सहयोग की भी जानकारी दी जाएगी।
बैठक में केवल टेलीकॉम उपकरणों के निर्माण तक बात सीमित नहीं रहेगी। रिसर्च, इनोवेशन और टेलीकॉम से जुड़े दूसरे उद्योगों के विस्तार की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी। सरकार का फोकस ग्वालियर में ऐसा औद्योगिक आधार तैयार करने पर है, जहां टेलीकॉम सेक्टर से जुड़े अलग-अलग तरह के उद्योगों को जगह और सुविधाएं मिल सकें।
इन्वेस्टर्स राउंड टेबल में ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन की प्रमुख विशेषताओं और निवेशकों के लिए उपलब्ध प्रोत्साहनों का प्रेजेंटेशन दिया जाएगा। अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई और दूरसंचार विभाग के वरिष्ठ अधिकारी निवेशकों को TMZ से जुड़े अवसरों और सरकार की ओर से उपलब्ध नीति समर्थन की जानकारी देंगे।
बैठक में टेलीकॉम सेक्टर की प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधि भी अपने अनुभव साझा करेंगे। जो कंपनियां ग्वालियर के टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन में निवेश में रुचि रखती हैं, उनके प्रस्तावों और अपेक्षाओं पर भी चर्चा होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव निवेशकों के सवालों और सुझावों पर सीधे संवाद करेंगे। इस दौरान वे मध्यप्रदेश में निवेश के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता और उद्योगों को दिए जा रहे सहयोग के बारे में भी जानकारी देंगे।
बेंगलुरु में होने वाले इस संवाद में भारत सरकार के संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया भी शामिल होंगे। ऐसे में बैठक में केंद्र और मध्यप्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ टेलीकॉम उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों की मौजूदगी रहेगी। केंद्र और राज्य के बीच समन्वय के साथ होने वाली यह बैठक ग्वालियर टीएमजेड के विकास और टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में नए निवेश की संभावनाओं को आगे बढ़ाने का एक अहम मंच होगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बेंगलुरु दौरे के दौरान टेलीकॉम और टेक्नोलॉजी सेक्टर से जुड़े कुछ प्रमुख संस्थानों का भी दौरा करेंगे। वे क्वालकॉम के आरएंडडी सेंटर के साथ सिग्नलचिप इनोवेशन और सिग्नलट्रॉन सिस्टम का अवलोकन करेंगे। इन संस्थानों में रिसर्च, इनोवेशन और टेलीकॉम टेक्नोलॉजी से जुड़े कामकाज की जानकारी ली जाएगी। इसके जरिए बेंगलुरु के मजबूत टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम और मध्यप्रदेश में विकसित हो रहे ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन के बीच सहयोग की संभावनाओं को समझने की कोशिश होगी।
सरकार की कोशिश है कि बेंगलुरु जैसे तकनीकी केंद्रों के अनुभव और विशेषज्ञता का लाभ मध्यप्रदेश के नए टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम को मिले और ग्वालियर को इस क्षेत्र में निवेश के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।