युवा शक्ति से MP में नया अध्याय, CM मोहन यादव का ऐलान, क्या है ख़ास?

Published : Jan 12, 2025, 11:06 AM ISTUpdated : Jan 12, 2025, 11:07 AM IST
Mohan-Yadav-inaugurate-Swami-Vivekananda-yuva-shakti-mission-on-National-Youth-Day-2025

सार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद युवा शक्ति मिशन का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही भोपाल में विश्व की सबसे बड़ी 3-D रंगोली भी बनाई जा रही है। यह मिशन युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार के अवसर प्रदान करने पर केंद्रित है।

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को मिशन के रूप में लागू करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ध्येय मंत्र GYAN पर ध्यान (ग़रीब, युवा, अन्नदाता और नारी) के सशक्तिकरण पर रहा है। उनके सशक्त एवं विजनरी नेतृत्व में प्रदेश सरकार का विशेष फोकस युवाओं के सशक्तिकरण पर है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव लांच करेंगे प्रदेश व्यापी युवा शक्ति मिशन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की पहल पर प्रधानमंत्री श्री मोदी के ध्येय मंत्र को धरातल पर लाने के उद्देश्य से प्रदेश के युवाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने, उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित कर उनकी ऊर्जा को रचनात्मक दिशा देने के लिये "स्वामी विवेकानंद युवा शक्ति मिशन" प्रारंभ किया जा रहा है। मध्यप्रदेश के विकास में युवाओं की व्यापक क्षमताओं का उपयोग करने के उद्देश्य से डिजाइन किये गए इस मिशन का नामकरण युवाओं के आदर्श स्वामी विवेकानंद के नाम पर किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव 12 जनवरी यानि की युवा दिवस के शुभ अवसर से प्रदेश व्यापी स्वामी विवेकानंद युवा शक्ति मिशन शुभारंभ करने जा रहे हैं।

18 हजार स्क्वेयर फीट में बन रही, विश्व की सबसे बड़ी स्वामी विवेकानंद जी की 3-डी रंगोली

युवा शक्ति मिशन युवाओं के लिए तो विशेष है ही यह मध्यप्रदेश को भी गौरवांवित करने वाला है। इस दिन मध्य प्रदेश के नाम एक और वर्ल्ड रिकॉर्ड बनने जा रहा है। स्वामी विवेकानंद जयंती यानी 12 जनवरी को मुख्यमंत्री डॉ. यादव युवाओं के लिए मिशन लॉन्च करेंगे, इसके साथ ही भोपाल के शौर्य स्मारक में विश्व की सबसे बड़ी 3-D रंगोली भी आकर्षण का केंद्र होगी। स्वामी विवेकानंद जी की यह रंगोली 18 हजार स्क्वेयर फीट में बनाई जा रही है। इसका आकार 225X80 है। इसे बनाने में 4 हजार किलो रंगों का इस्तेमाल किया गया है। रंगोली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी दिखाई देंगे। इस रंगोली को बनवाने के पीछे सीएम डॉ. यादव का उद्देश्य युवाओं को हर प्रकार से प्रेरित करना है। वे इस रंगोली से युवाओं को संवाद, सामर्थ्य और समृद्धि का संदेश देंगे।

इंदौर की शिखा और उनकी टीम बना रही रंगोली

इस 3-डी रंगोली को बनाने में 48 घंटे का समय लगा है, इस रंगोली को इंदौर की जानी-मानी कलाकार शिखा शर्मा जोशी और उनकी टीम तैयार कर रही है। शिखा शर्मा देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर की ब्रांड एंबेसेडर हैं। वे नेपाल और थाईलैंड में उत्कृष्टता पुरस्कार जीत चुकी हैं। जयपुर के इंटरनेशनल यूथ फेस्टिवल में भी उन्हें गोल्ड मेडल मिला था। शिखा दसवीं क्लास से बच्चों को कला सिखा रही हैं. वे विश्व के करीब 70 हजार बच्चों को कला सिखा चुकी हैं। इन्हें रंगोली क्वीन के नाम से जाना जाता है।

औद्योगिक विकास को नई उड़ान देंगे प्रदेश के डेढ़ करोड़ युवा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवा दिवस पर प्रदेश के नाम जारी अपने संदेश में कहा‍ है कि रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव से प्रदेश के डेढ़ करोड़ युवा विकास को गति प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश, देश और दुनिया का सबसे युवा प्रदेश है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि "युवा शक्ति मिशन" के अंतर्गत प्रदेश के युवा जो आई.टी. एवं अन्य व्यावसायिक योग्यता रखते हैं, उन्हें उनकी क्षमता, योग्यता और दक्षता के आधार पर प्रदेश में ही रोजगार उपलब्ध कराया जाए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 16 जनवरी को 7 वीं रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव होने वाली है। अभी तक 6 इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में चार लाख करोड़ से अधिक का निवेश आने वाला है जिससे तीन लाख लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति मिशन में महिलाओं की भूमिका को भी प्रभावशाली बनाने के लिए विशेष महत्व दिया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि महिला और पुरूष सभी युवा शक्ति को काम मिले, इसके लिए हम युवा शक्ति मिशन लाँच करने के बाद लाड़ली बहनों के खातों में जनवरी माह की राशि अंतरित की जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा 16 जनवरी को रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में सभी विभाग रोजगार की संभावनाओं के आधार पर निवेश को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अपने-अपने विषय-विशेष पर प्रेजेंटेशन देंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बढ़ते मध्यप्रदेश और आगे बढ़ते देश के साथ हमारी तरुणाई कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ें।

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

Unnat Krishi Mahotsav 2026: रायसेन में उन्नत कृषि महोत्सव 2026, किसानों को योजनाएं, तकनीक और बाजार तक मिली पूरी जानकारी
Indore Vande Mataram Controversy: इंदौर नगर निगम में वंदे मातरम विवाद पर सियासत गरम, CM मोहन यादव का कांग्रेस पर हमला