
मध्यप्रदेश की करोड़ों महिलाओं के लिए 13 नवंबर का दिन बड़ी सौगात लेकर आया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिवपुरी के पिछोर से लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त जारी कर दी। इस दौरान 1.24 करोड़ से अधिक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1,831.77 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि ट्रांसफर की गई। मुख्यमंत्री ने पिछोर को जिला बनाने से जुड़ी अहम घोषणा भी की।
शिवपुरी जिले के पिछोर में आयोजित कार्यक्रम से मुख्यमंत्री ने 1 करोड़ 24 लाख 81 हजार 550 पात्र महिलाओं के खातों में राशि अंतरित की। उन्होंने बताया कि सरकार अब तक लाड़ली बहनों को करीब 60 हजार करोड़ रुपये दे चुकी है। कई महिलाओं ने इस सहायता से सिलाई केंद्र जैसे स्वरोजगार शुरू किए हैं।
यह भी पढ़ें: Royal Enfield Himalayan 750: भारत की सड़कों पर राज करने आ रही है 55HP, 743cc इंजन वाली बाइक!
मुख्यमंत्री ने स्व-सहायता समूहों को 200 करोड़ रुपये के ऋण का अंतरण भी किया। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए काम कर रही है। उद्योगों में काम करने वाली पात्र महिलाओं को वेतन के अतिरिक्त 5 हजार रुपये की सरकारी सहायता देने की बात भी कही।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने वर्ष 2027 में पिछोर को जिला बनाने की अनुशंसा करने की घोषणा की। इसके अलावा पिछोर में सांदीपनि विद्यालय, खनियाधाना में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और रेडी चौराहे पर पुलिस चौकी बनाने का ऐलान किया। बामोर कलां में महाविद्यालय स्थापित करने की घोषणा भी हुई।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 221 करोड़ रुपये की लागत वाले 121 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। उन्होंने किले के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये और मोतीसागर तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि शिवपुरी को 6 हजार करोड़ रुपये के डिफेंस इंडस्ट्री कॉरिडोर की सौगात मिल चुकी है। ग्वालियर में आधुनिक टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन विकसित करने की तैयारी है। उन्होंने कृषि, पशुपालन और धार्मिक पर्यटन को भी प्रदेश के विकास की प्राथमिकता बताया।
यह भी पढ़ें: राजा भैया ने पाकिस्तान से आए 500 हिंदुओं को क्यों बुलाया कुंडा? धीरेंद्र शास्त्री से है खास कनेक्शन!
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।