
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 3 अक्टूबर को लाखों किसानों को करोड़ों रुपये की राहत राशि सौंपी। यह पहली बार है जब पीला मोजेक रोग से खराब हुई फसलों के लिए भी किसानों को आर्थिक सहायता दी गई।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कई जिलों के किसानों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत की। किसानों ने सरकार से मिली मदद के लिए आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश और देश लगातार प्रगति कर रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि हर संकट में सरकार किसानों के साथ खड़ी है क्योंकि किसानों की मेहनत से ही प्रदेश की अर्थव्यवस्था आगे बढ़ती है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एक क्लिक में 8,84,772 किसानों के खातों में 653.34 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए।
सरकार का कहना है कि क्षति की स्थिति में किसानों को राहत राशि का वितरण लगातार जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री ने किसानों से कहा कि सरकार किसान कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “हमने जो कहा था, उसे पूरा किया है। सरकार के पास किसानों की मदद करने के लिए पैसों की कोई कमी नहीं है। किसान मंडियों में जाकर भावांतर योजना के लिए रजिस्ट्रेशन कराएं, उसका लाभ भी उन्हें मिलेगा।”
मुख्यमंत्री ने किसानों की भूमिका को जवानों से तुलना करते हुए कहा, “जैसे सीमा पर जवान जान की बाजी लगाते हैं, वैसे ही खेत में किसान अपनी जान लगाकर देश की अर्थव्यवस्था संभालते हैं।”
इस अवसर पर मंदसौर के एक किसान ने बताया कि उनकी फसल पीला मोजेक की वजह से खराब हो गई थी। उन्होंने कहा कि सरकार ने समय पर राहत दी है और यह उनके लिए दीपावली का बड़ा सहारा बनेगा। इसी तरह, रेखा नामक किसान ने भी कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने त्योहार से पहले किसानों को मदद देकर उनके उत्सव की तैयारी कर दी। सभी जिलों के किसानों ने मुख्यमंत्री और सरकार को धन्यवाद दिया।
इस साल प्रदेश में अब तक 1148.1 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 21% ज्यादा है।
यह भी पढ़ें
इंदौर पुलिस ने लॉन्च किया AI चैटबॉट Safe Click, CM मोहन यादव ने किया शुभारंभ
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।