
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने जन्मदिन 25 मार्च को वीरांगना रानी दुर्गावती नौरादेही टाइगर रिजर्व में चीता पुनर्वास के लिए सॉफ्ट रिलीज बोमा (बाड़े) का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने वन्यजीव संरक्षण के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।
सीएम ने कहा कि नौरादेही टाइगर रिजर्व मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा टाइगर रिजर्व है और यह सतपुड़ा, कान्हा और पेंच राष्ट्रीय उद्यान से जुड़ा हुआ है। यहां का प्राकृतिक वातावरण चीतों सहित कई वन्यजीव प्रजातियों के लिए उपयुक्त है। यह स्थान प्रदेश में चीतों का तीसरा नया निवास स्थल बनेगा।
इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने चंबल नदी और भोपाल से लाए गए 14 कछुओं को उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ा। उन्होंने कहा कि कछुए जल स्रोतों की सुंदरता और जैव विविधता का महत्वपूर्ण हिस्सा होते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जीवों के संरक्षण के लिए संकल्प के साथ काम कर रही है। थलचर, जलचर और नभचर सभी प्रकार के जीवों की सुरक्षा और संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पहले भी घड़ियाल और 25 कछुओं को कूनो क्षेत्र में छोड़ा गया था। इसके अलावा 5 गिद्धों को भी मुक्त आवास में छोड़ा गया है। यह सभी प्रयास वन्यजीव संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। वन्यजीव पर्यटन के विकास से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। टाइगर रिजर्व लोगों में वन्यजीवों के साथ सहअस्तित्व की भावना को मजबूत करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जंगलों की असली सुंदरता वहां के वन्यजीवों से होती है। राज्य सरकार जीव दया और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ काम कर रही है, ताकि प्राकृतिक संतुलन बना रहे।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।