MP News: 'हनुमान अंश' के गायक सुनील लोधी से मिले CM मोहन यादव, दी बड़ी मदद

Published : Sep 04, 2026, 09:31 AM IST
mohan yadav meet sunil lodhi bundeli singer

सार

CM मोहन यादव ने दृष्टिबाधित बुंदेली गायक सुनील लोधी से मुलाकात की। 'हनुमान अंश' के गीत के लिए उन्हें 1 लाख रुपये की सम्मान निधि देने का ऐलान किया।

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से गुरुवार को समत्व भवन (मुख्यमंत्री निवास) में सागर के उदीयमान बुंदेली गायक सुनील लोधी ने मुलाकात की। जन्म से दृष्टिबाधित सुनील लोधी इन दिनों अपनी गायकी को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'हनुमान अंश' के लिए उन्होंने बुंदेली में एक गीत गाया है, जो तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुनील लोधी की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी और उनकी प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रतिभाशाली कलाकारों को आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

CM मोहन यादव ने किया सम्मान, 1 लाख रुपये की सम्मान निधि का ऐलान

मुख्यमंत्री ने मुलाकात के दौरान सुनील लोधी और उनके माता-पिता का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि दृष्टिबाधित युवा गायक सुनील लोधी को राज्य सरकार की ओर से एक लाख रुपये की सम्मान निधि भी दी जाएगी। डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में ऐसे कलाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। प्रतिभा को सही मंच और अवसर मिले, इसके लिए टैलेंट सर्च जैसे कार्यक्रमों के जरिए उभरते हुए गायकों और कलाकारों की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ाया जाएगा।

सुनील लोधी की आंखों की रोशनी के लिए भी सरकार देगी सहयोग

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुनील लोधी की आंखों की रोशनी वापस लाने के लिए भी आवश्यक सहयोग देने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस दिशा में जो भी जरूरी मदद होगी, राज्य सरकार उपलब्ध कराने का प्रयास करेगी। सुनील लोधी को बचपन से ही गायन में रुचि रही है। उनकी इसी प्रतिभा को देखते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें संगीत विद्यालय से औपचारिक संगीत पाठ्यक्रम पूरा करने में भी सहयोग देने की बात कही। सरकार का उद्देश्य है कि उनकी गायन प्रतिभा को केवल स्थानीय स्तर तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर प्रशिक्षण और मंच भी मिले।

फिल्म 'हनुमान अंश' के बुंदेली गीत से मिली पहचान

सुनील लोधी ने हाल ही में फिल्म 'हनुमान अंश' के लिए बुंदेली भाषा में गीत गाया है। उनका गीत 'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई' लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हुआ है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान सुनील लोधी ने तंबूरा बजाते हुए यही लोकप्रिय गीत उन्हें सुनाया। उनकी गायकी सुनकर मुख्यमंत्री ने उनकी प्रतिभा की सराहना की।

CM मोहन यादव के आग्रह पर कृष्ण जन्मोत्सव का भजन भी सुनाया

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुनील लोधी से एक और भजन सुनाने का आग्रह किया। इसके बाद उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर गाया जाने वाला भजन 'जन्म लए रघुराई, ब्रज में बज रही बधाई' सुनाया। इस दौरान सुनील लोधी के पिता महेंद्र सिंह लोधी और माता भाग बाई भी मौजूद रहीं। उनके साथ संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी, डिजिटल बुंदेली बौछार के सचिन चौधरी और गायक सुनील लोधी के मित्रगण भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री की इस पहल से सुनील लोधी को आर्थिक सहायता के साथ-साथ संगीत की औपचारिक शिक्षा और आगे बढ़ने के लिए नए अवसर मिलने की उम्मीद है।

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

MP News: सीहोर में बनेगा 1200 KV ट्रांसफार्मर, CM मोहन यादव करेंगे बड़ा शुभारंभ
MP News: 10 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे उज्जैन! महाकाल लोक के बाद बदली धार्मिक पर्यटन की तस्वीर