
भोपाल/सीहोर। Mohan Yadav ने 10 मई को सीहोर जिले के भैरूंदा में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-IV और पीएम जनमन योजना का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री Shivraj Singh Chouhan ने दीप प्रज्ज्वलन और पुष्प वर्षा के साथ की।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-IV के तहत मध्यप्रदेश में 1763 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 2117 किलोमीटर लंबी 963 सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इन सड़कों के निर्माण से प्रदेश की 987 बसाहटों को बेहतर सड़क संपर्क सुविधा मिलेगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
योजना के तहत सीहोर जिले में 165 करोड़ रुपये की लागत से 209 किलोमीटर लंबी 81 सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इन सड़कों से जिले की 84 बसाहटों को सीधा लाभ मिलेगा। बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को यात्रा में सुविधा होगी और विकास कार्यों को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में देश में तेजी से विकास हो रहा है और हर क्षेत्र में बदलाव दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि आज मध्यप्रदेश में विकास का नया दौर चल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रयासों से प्रदेश को 5 हजार करोड़ रुपये की सौगात मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य योजनाओं में मध्यप्रदेश को कई पुरस्कार प्राप्त हुए हैं।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार भी वितरित किए गए। सड़क निर्माण और रखरखाव के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मध्यप्रदेश को कई सम्मान मिले। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क निर्माण में मध्यप्रदेश को पहला स्थान मिला। प्रदेश में अब तक 90 हजार 766 किलोमीटर लंबी सड़कें बनाई जा चुकी हैं। इस श्रेणी में राजस्थान दूसरे और उत्तर प्रदेश तीसरे स्थान पर रहा।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2055 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता का स्वीकृति पत्र मुख्यमंत्री मोहन यादव को सौंपा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में विकास का महायज्ञ चल रहा है। प्रदेश में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं और केंद्र सरकार भी इसमें सहयोग कर रही है।
केन्द्रीय ग्रामीण विकास एवं संचार राज्य मंत्री Chandrasekhar Pemmasani ने कहा कि मध्यप्रदेश योजनाओं को केवल लागू ही नहीं करता, बल्कि उनके लक्ष्य भी हासिल करता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना-IV के तहत प्रदेश में 2500 किलोमीटर नई सड़कें बनाई जाएंगी, जिससे गांवों और बसाहटों का संपर्क और मजबूत होगा।
केन्द्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री Kamlesh Paswan ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना से गांव और शहर के बीच की दूरी कम हुई है। अब किसान आसानी से अपनी फसल शहर की मंडियों तक पहुंचा पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को समय पर अस्पताल पहुंचने और बच्चों को स्कूल जाने में भी सुविधा मिल रही है।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।