
भोपाल/बेंगलुरु। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 22 सितंबर को बेंगलुरु में उद्योगपतियों और प्रमुख निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठक की। इस दौरान मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं और अलग-अलग औद्योगिक क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों पर विस्तार से चर्चा हुई। खास तौर पर ग्वालियर के टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन (TMZ) को लेकर निवेशकों ने रुचि दिखाई। बैठक के दौरान राज्य सरकार को करीब 1,200 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। सरकार के मुताबिक, इन प्रस्तावों से करीब 20 हजार लोगों के लिए रोजगार के अवसर तैयार हो सकते हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से बातचीत में बताया कि बेंगलुरु में ग्वालियर के टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन को लेकर निवेशकों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। यहां नए निवेश के कई प्रस्ताव सामने आए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्वालियर में विकसित किए गए टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन में अब तक करीब 5,000 करोड़ रुपये का निवेश आ चुका है। इसके अलावा, बैठक में 1,200 करोड़ रुपये से अधिक के नए निवेश प्रस्ताव भी प्राप्त हुए हैं।
बेंगलुरु में आयोजित इन्वेस्टर्स राउंडटेबल मीटिंग में देश के पहले TMZ- ग्वालियर के लिए ₹1,200 करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
पूर्व में यहां के लिए ₹5,000 करोड़ का निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुका है। इससे 20,000 से अधिक युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। pic.twitter.com/njxWvi4rfz— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) September 22, 2026
निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी के बीच TMZ की उपलब्ध जमीन भी लगभग भरने की स्थिति में पहुंच गई है। ऐसे में अब सरकार इसके विस्तार की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मुताबिक, टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन के सेकंड फेज पर जल्द काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अगले एक-दो महीने में फेज-2 की शुरुआत होने की उम्मीद है। इस विस्तार के बाद ग्वालियर के टेलीकॉम और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में गतिविधियां और बढ़ सकती हैं। सरकार का अनुमान है कि TMZ के विस्तार से करीब 20 हजार नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
बेंगलुरु में हुई बैठकों में सिर्फ टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग तक ही बात सीमित नहीं रही। मुख्यमंत्री और निवेशकों के बीच चिप डिजाइन, ड्रोन टेक्नोलॉजी, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) और डेटा सेंटर जैसे उभरते क्षेत्रों में मध्यप्रदेश की निवेश संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। राज्य सरकार इन क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करने पर जोर दे रही है। ग्वालियर TMZ में प्रस्तावित विस्तार को इसी व्यापक निवेश प्रयास का एक अहम हिस्सा माना जा रहा है।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।