
भोपाल/इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जब गुरुवार को इंदौर पहुंचे तो उनका विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और नागरिक संगठनों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने प्रदेश में लागू होने जा रही समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code-UCC) का समर्थन किया।
इस अवसर पर सभी धर्मों के लोगों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। खास बात यह रही कि मुस्लिम महिलाओं ने भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का स्वागत करते हुए यूसीसी विधेयक विधानसभा से पारित होने पर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने इंदौर के लवकुश लेवल-2 ब्रिज की नई लेन का भी शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती को याद किया। उन्होंने कहा कि देश आज उन महान क्रांतिकारियों का ऋणी है, जिन्होंने भारत को स्वतंत्र कराने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद और भगत सिंह जैसे वीरों ने ऐसे भारत की कल्पना की थी, जहां सभी नागरिकों को समान अधिकार और समान अवसर मिलें। उनके अनुसार, एक समान कानून की व्यवस्था भी उसी सोच का हिस्सा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश में ऐसे कई ऐतिहासिक निर्णय लिए जा रहे हैं, जिनका सपना स्वतंत्रता सेनानियों ने देखा था। उन्होंने मध्यप्रदेश की जनता को यूसीसी विधेयक विधानसभा से पारित होने पर बधाई भी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने समान नागरिक संहिता को लेकर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान साढ़े तीन करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंच बनाई गई और जनता से सुझाव आमंत्रित किए गए। उन्होंने बताया कि सरकार को करीब 10 लाख सुझाव प्राप्त हुए, जिनका अध्ययन करने के बाद यूसीसी विधेयक तैयार किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यूसीसी लागू होने के बाद मध्यप्रदेश उन प्रमुख राज्यों में शामिल होगा, जहां सभी नागरिकों के लिए समान कानून लागू होगा और उनके अधिकारों की समान रूप से सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि समान नागरिक संहिता में विवाह, विवाह विच्छेद (तलाक), उत्तराधिकार समेत कई महत्वपूर्ण विषय शामिल किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कानून लागू होने के बाद हिंदू, मुस्लिम, पारसी, ईसाई सहित सभी समुदायों के लिए समान कानूनी व्यवस्था लागू होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार "एक देश, एक विधान, एक निशान और एक प्रधान" की भावना के अनुरूप कार्य कर रही है और समान नागरिक संहिता उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने इंदौर के विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शहर हमेशा प्रदेश के विकास की नई दिशा तय करता है। उन्होंने कहा कि इंदौर का डबल-डेकर ब्रिज आधुनिक इंजीनियरिंग और बेहतर शहरी विकास का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि नीचे सड़क मार्ग, उसके ऊपर रेलवे ट्रैक और सबसे ऊपर एक और सड़क पुल तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए संबंधित विभागों और इंजीनियरों को बधाई दी।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।