MP News: उज्जैन-जावरा फोरलेन से 35 लाख लोगों को मिलेगा सीधा फायदा, CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान

Published : Jul 11, 2026, 09:11 AM IST
mohan yadav in Nagda

सार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नागदा में 5017 करोड़ की उज्जैन-जावरा ग्रीनफील्ड फोरलेन परियोजना का भूमि-पूजन किया। सड़क से 35 लाख लोगों को लाभ मिलेगा।

भोपाल/उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 10 जुलाई को उज्जैन जिले के नागदा में उज्जैन-जावरा 4-लेन ग्रीनफील्ड मार्ग परियोजना का भूमि-पूजन किया। इस अवसर पर कर्नाटक के राज्यपाल डॉ. थावरचंद गहलोत भी मौजूद रहे। करीब 5017 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह 98.73 किलोमीटर लंबा फोरलेन मार्ग मालवा क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सरकार का दावा है कि इससे व्यापार, उद्योग, पर्यटन और निवेश को नई रफ्तार मिलेगी, साथ ही हजारों लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी तैयार होंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कई विकास कार्यों की घोषणाएं कीं। उन्होंने राज्यपाल के साथ नागदा में नए केंद्रीय विद्यालय (सेंट्रल स्कूल) का शुभारंभ भी किया। इसी मौके पर सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए उज्जैन जिला प्रशासन द्वारा शुरू किए गए जनसेवा प्रहरी नेटवर्क का शुभारंभ हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री ने लोगों को हेलमेट भी वितरित किए। इसके अलावा किसान उत्पादक कंपनियों पर आधारित एक पुस्तक का विमोचन किया गया तथा आजीविका मिशन और संबल योजना के हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए।

CM Mohan Yadav News: 5017 करोड़ की सड़क से बदलेगा मालवा का विकास मॉडल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नागदा को एक साथ दो बड़ी सौगातें मिली हैं—एक 5017 करोड़ रुपये की ग्रीनफील्ड सड़क और दूसरा केंद्रीय विद्यालय। उन्होंने कहा कि यह सड़क बनने के बाद पूरे क्षेत्र के विकास की नई शुरुआत होगी और नागदा सहित आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी।

उन्होंने कहा कि मालवा क्षेत्र हमेशा से उद्यमशील रहा है और यहां के लोगों में व्यापार एवं उद्योग की विशेष क्षमता है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लंबे समय तक शासन करने के बावजूद विकास की जरूरतों पर अपेक्षित काम नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के विकास की बजाय सत्ता पर ध्यान दिया गया।

Simhastha 2028 और महाकाल लोक से जुड़े विकास कार्यों पर मुख्यमंत्री का बड़ा बयान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कश्मीर में चेनाब नदी पर बना विश्व का सबसे ऊंचा रेलवे पुल भारत की मजबूत इच्छाशक्ति का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ को ध्यान में रखते हुए उज्जैन और आसपास के क्षेत्रों में सड़क, परिवहन और अन्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न राज्यों के साथ समन्वय भी किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकाल लोक बनने के बाद उज्जैन में पर्यटन को नई पहचान मिली है। पहले जहां सालभर में लगभग 60 से 70 लाख श्रद्धालु आते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर साढ़े आठ करोड़ से अधिक हो गई है।

Madhya Pradesh Investment: महानगरों के विस्तार और विदेशी निवेश पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार इंदौर और उज्जैन को मिलाकर एक बड़े महानगर क्षेत्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। इस योजना में धार, देवास, शाजापुर और रतलाम को भी शामिल किया गया है। इसी प्रकार भोपाल महानगर क्षेत्र में रायसेन, सीहोर, विदिशा, नर्मदापुरम और आष्टा को जोड़ने की योजना है। भविष्य में ग्वालियर और जबलपुर को भी मेट्रोपॉलिटन सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में तेजी से विदेशी और घरेलू निवेश आ रहा है। पीथमपुर, विक्रम उद्योगपुरी, शिवपुरी और गुना जैसे क्षेत्रों में बड़े औद्योगिक निवेश हो रहे हैं। प्रदेश में बड़ी संख्या में सीमेंट प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं और सरकार उद्योग, इंफ्रास्ट्रक्चर तथा रोजगार सृजन को प्राथमिकता दे रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार को करीब 30 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 10 लाख करोड़ रुपये के निवेश पर काम शुरू हो चुका है।

किसानों के लिए मटर प्लांट और पेप्सिको परियोजना का ऐलान

मुख्यमंत्री ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि नागदा क्षेत्र में करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से मटर प्रोसेसिंग प्लांट लगाया जाएगा। इससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा। उन्होंने बताया कि 1250 करोड़ रुपये की लागत से पेप्सिको प्लांट भी स्थापित किया जा रहा है। इसके लिए किसानों को आलू उत्पादन बढ़ाने की सलाह देते हुए कहा कि सरकार खेती को उद्योग और बाजार से जोड़कर किसानों की आय बढ़ाने का प्रयास कर रही है।

लाड़ली बहना योजना, बजट और विकास कार्यों पर सरकार का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का बजट लगातार बढ़ा है। वर्ष 2002-03 में राज्य का बजट लगभग 20 हजार करोड़ रुपये था, जबकि वर्ष 2026 में यह बढ़कर 4.38 लाख करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जनता पर अतिरिक्त कर लगाए बिना विकास कार्यों को गति दी है। लाड़ली बहना योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि योजना की शुरुआत 1000 रुपये से हुई थी, जिसे बढ़ाकर 1500 रुपये कर दिया गया है और अब तक 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि लाभार्थियों के खातों में पहुंचाई जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार जिन योजनाओं की घोषणा करती है, उन्हें समय पर पूरा भी करती है। उन्होंने कहा कि उज्जैन-जावरा फोरलेन परियोजना का निर्माण अगले वर्ष तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

35 लाख आबादी और 62 गांवों को मिलेगा सीधा लाभ

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि इंदौर-पीथमपुर ग्रीनफील्ड इकोनॉमिक कॉरिडोर और अन्य सड़क परियोजनाएं मालवा क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई दिशा देंगी। सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए उज्जैन में करीब 30 किलोमीटर लंबे घाटों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इंदौर से उज्जैन तक मेट्रो रेल सेवा शुरू करने की योजना है। साथ ही नई रेलवे लाइनों के जरिए नागदा को दिल्ली-मुंबई रेल कॉरिडोर से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। उज्जैन संभाग के लिए नए एयरपोर्ट की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्रीनफील्ड फोरलेन परियोजना उज्जैन को सीधे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से जोड़ेगी। यह सड़क उज्जैन दक्षिण, घट्टिया, नागदा-खाचरौद, आलोट और जावरा विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। इस परियोजना से लगभग 35 लाख लोगों और 62 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। सड़क निर्माण के तहत 3 रेल ओवरब्रिज, 9 बड़े पुल, 26 मध्यम पुल और 417 पुलियों का निर्माण किया जाएगा, जिससे औद्योगिक, कृषि और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

Nagda Central School: 30 जुलाई से शुरू होंगी कक्षाएं

कर्नाटक के राज्यपाल डॉ. थावरचंद गहलोत ने कहा कि उज्जैन-जावरा ग्रीनफील्ड कॉरिडोर सिंहस्थ 2028 से पहले पूरा करने का लक्ष्य है। उन्होंने जनसेवा प्रहरी नेटवर्क की सराहना करते हुए कहा कि यह सड़क सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि नागदा के नए केंद्रीय विद्यालय में 30 जुलाई से कक्षाएं शुरू होंगी। यहां केंद्रीय कर्मचारियों के साथ-साथ अन्य अभिभावक भी अपने बच्चों का प्रवेश करा सकेंगे।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कीं कई नई घोषणाएं

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कई नई घोषणाएं भी कीं।

  • पुराने जावरा-उज्जैन मार्ग के चौड़ीकरण को मंजूरी।
  • रतलाम-खाचरौद मार्ग को नागदा से जोड़ने के प्रस्ताव पर विचार।
  • नई मटर मंडी के लिए भूमि उपलब्ध कराने की घोषणा।
  • फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने का निर्णय।
  • चंबल नदी पर निनावट खेड़ा में नए डैम का निर्माण।
  • नागदा में नए आईटीआई संस्थान (ITI) की स्थापना।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में रोजगार, उद्योग, कृषि और आधारभूत ढांचे को नई मजबूती मिलेगी।

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

My Youth-My Pride Conclave 2026: इंदौर में युवा शक्ति का महाकुंभ, CM मोहन यादव देंगे बड़ी सौगात
11 जुलाई 2026 मौसम अपडेट: दिल्ली-NCR, यूपी, बिहार, झारखंड, एमपी और महाराष्ट्र में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट, जानें आपके शहर का हाल