My Youth-My Pride Conclave 2026: इंदौर में युवा शक्ति का महाकुंभ, CM मोहन यादव देंगे बड़ी सौगात

Published : Jul 11, 2026, 08:57 AM IST
My Youth My Pride Conclave 2026 indore

सार

इंदौर में 11 जुलाई को यूथ-माय प्राइड कॉन्क्लेव-2026 होगा। 5 हजार युवा शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव चार नए युवा पुरस्कारों की घोषणा करेंगे।

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 11 जुलाई को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित यूथ-माय प्राइड कॉन्क्लेव-2026 का शुभारंभ करेंगे। इस बड़े आयोजन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों और क्षेत्रों से करीब 5 हजार युवा हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को मध्यप्रदेश के विकास की प्रक्रिया से जोड़ना, उनके सुझावों को नीति निर्माण तक पहुंचाना और विभिन्न क्षेत्रों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

कॉन्क्लेव में शिक्षा, खेल, उद्यमिता, कृषि, स्वास्थ्य, सूचना प्रौद्योगिकी, कौशल विकास, संस्कृति, पर्यावरण और सामाजिक विकास सहित 10 प्रमुख क्षेत्रों के युवा शामिल होंगे। इन सभी क्षेत्रों से जुड़े युवाओं को अपने विचार और सुझाव साझा करने का अवसर मिलेगा।

Youth My Pride Conclave 2026: आज़ाद युवा बाइक रैली और शंकर संकल्प साइकिल यात्रा रहेंगी आकर्षण का केंद्र

इस कॉन्क्लेव की सबसे खास बात दो प्रेरक यात्राएं होंगी, जो क्रांति और ज्ञान की विरासत को दर्शाएंगी। अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद की जन्मस्थली चंद्रशेखर आज़ाद नगर (भाबरा) से निकली आज़ाद युवा बाइक रैली और आदि शंकराचार्य की दीक्षा भूमि ओंकारेश्वर से शुरू हुई शंकर संकल्प साइकिल यात्रा ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर पहुंचकर एक साथ अपना सफर पूरा करेंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोनों यात्राओं में शामिल युवाओं का स्वागत करेंगे और उन्हें सम्मानित भी करेंगे।

युवा कार्यशालाओं में शिक्षा, स्टार्टअप, कृषि और आईटी समेत कई विषयों पर होगा मंथन

कॉन्क्लेव के दौरान युवाओं को अलग-अलग विषयों के आधार पर समूहों में विभाजित किया जाएगा। इन समूहों में कार्यशालाएं आयोजित होंगी, जहां प्रतिभागी अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े सुझाव, नवाचार और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करेंगे। इन कार्यशालाओं में शिक्षा एवं कौशल विकास, खेल एवं स्वास्थ्य, एमएसएमई और स्टार्टअप, कृषि, उद्यानिकी, पर्यावरण, जन अभियान, संस्कृति और पर्यटन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा। प्रत्येक समूह अपने सुझाव और संकल्प मुख्य मंच पर प्रस्तुत करेगा।

'मध्यप्रदेश युवा संकल्प-2026' दस्तावेज तैयार होगा, मुख्यमंत्री को सौंपे जाएंगे सुझाव

कार्यशालाओं से प्राप्त सुझावों और संकल्पों को एकत्रित कर 'मध्यप्रदेश युवा संकल्प-2026' नाम से एक विशेष दस्तावेज तैयार किया जाएगा। कार्यक्रम में मौजूद सभी युवा प्रदेश के विकास, नवाचार, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प भी लेंगे। इसके बाद यह दस्तावेज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को सौंपा जाएगा। आगे आवश्यक कार्रवाई के लिए इसे संबंधित विभागों के पास भेजा जाएगा ताकि उपयोगी सुझावों को योजनाओं में शामिल किया जा सके।

इंदौर की फूड स्ट्रीट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां बनाएंगी आयोजन को खास

कॉन्क्लेव में इंदौर की प्रसिद्ध खान-पान संस्कृति को भी विशेष स्थान दिया गया है। स्थानीय युवा उद्यमियों और स्व-सहायता समूहों द्वारा फूड स्ट्रीट का संचालन किया जाएगा, जहां इंदौर के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद मिलेगा। इसके साथ ही स्थानीय युवा बैंड और लोक-फ्यूजन कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को और आकर्षक बनाएंगे।

मुख्यमंत्री मोहन यादव करेंगे चार नए राज्य स्तरीय युवा पुरस्कारों की घोषणा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस अवसर पर प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए चार नई राज्य स्तरीय पुरस्कार श्रेणियों की घोषणा भी करेंगे। इनमें शामिल हैं-

  • मुख्यमंत्री युवा शिखर सम्मान
  • मुख्यमंत्री युवा नवाचार पुरस्कार
  • मुख्यमंत्री युवा समाज सेवा पुरस्कार
  • मुख्यमंत्री युवा कला-क्रीड़ा गौरव पुरस्कार

इन पुरस्कारों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले युवाओं को सम्मानित किया जाएगा। यूथ-माय प्राइड कॉन्क्लेव-2026 युवा शक्ति, नवाचार, सामाजिक जिम्मेदारी और सांस्कृतिक चेतना को एक मंच पर लाकर विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण में युवाओं की भागीदारी को नई दिशा देने का प्रयास करेगा।

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

MP News: तिरंगा यात्रा से लेकर खेल हब तक, CM मोहन यादव का बड़ा रोडमैप
Women's Asian Hockey Champions Trophy: 136 एकड़ में बन रहा MP International Sports Complex, भोपाल को मिलेगी नई पहचान