
भोपाल। मध्यप्रदेश में यात्री परिवहन व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और आधुनिक बनाने की दिशा में सरकार बड़ा आयोजन करने जा रही है। प्रदेश में यात्री परिवहन विजन समिट 2026 का आयोजन 11 और 12 सितंबर को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में किया जाएगा। दो दिवसीय इस समिट का मुख्य फोकस मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा पर रहेगा।
समिट में निजी बस ऑपरेटरों के साथ नीति निर्माता, परिवहन विशेषज्ञ और उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इस दौरान प्रदेश की मौजूदा यात्री परिवहन व्यवस्था की समीक्षा के साथ इसे तकनीक आधारित, प्रभावी और यात्रियों के लिए ज्यादा सुविधाजनक बनाने पर चर्चा होगी।
यात्री परिवहन विजन समिट में प्रदेश में सार्वजनिक और निजी यात्री परिवहन को बेहतर बनाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। परिवहन क्षेत्र के विशेषज्ञ और बस ऑपरेटर अपने अनुभव साझा करेंगे और व्यवस्था में सुधार को लेकर सुझाव देंगे। खास तौर पर यात्रियों की सुरक्षा, आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था विकसित करने के तरीकों पर चर्चा होगी। सरकार का जोर ऐसी परिवहन सुविधा विकसित करने पर है, जो लोगों के लिए सुगम, सुरक्षित, स्मार्ट और प्रदूषण रहित हो।
समिट में परिवहन क्षेत्र में हो रहे नए प्रयोगों और संभावित निवेश के जरिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी चर्चा होगी। विशेषज्ञ बताएंगे कि आधुनिक तकनीक और निजी क्षेत्र की भागीदारी के जरिए सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को किस तरह अधिक सक्षम बनाया जा सकता है। यात्री परिवहन क्षेत्र में निवेश बढ़ने से इससे जुड़े दूसरे क्षेत्रों में भी रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा। साथ ही परिवहन सेवाओं में तकनीकी बदलाव और नवाचार को बढ़ावा देने पर भी सुझाव लिए जाएंगे।
यात्री परिवहन विजन समिट 2026 में शामिल होकर अपने सुझाव देने के इच्छुक प्रतिभागियों के लिए ऑनलाइन पंजीयन की व्यवस्था की गई है। पंजीयन की अंतिम तारीख 10 सितंबर 2026 है। इच्छुक प्रतिभागी 10 सितंबर को दोपहर 12 बजे तक ऑनलाइन फॉर्म के जरिए अपना पंजीयन करा सकेंगे। समिट में भाग लेने के लिए पंजीयन आवश्यक होगा।
परिवहन विजन समिट से जुड़ी विस्तृत जानकारी और कार्यक्रम की अन्य जानकारियां यहां देखी जा सकती हैं:
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।