MP Teacher Recruitment: पदवृद्धि पर विभाग का बड़ा फैसला, जानें पूरा अपडेट

Published : Sep 03, 2026, 10:00 AM IST
MP Teacher Recruitment

सार

शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि की मांग पर स्कूल शिक्षा विभाग ने नियम स्पष्ट किए। 18,088 रिक्तियों में 8038 बैकलॉग और 10,050 नए पद शामिल हैं।

भोपाल। शिक्षक भर्ती में विज्ञापित पदों की संख्या बढ़ाने की मांग कर रहे अभ्यर्थियों के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने स्थिति साफ कर दी है। विभाग ने कहा है कि किसी भर्ती का परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद उसमें विज्ञापित पदों की संख्या को बढ़ाया या घटाया नहीं जा सकता। नए रिक्त पदों को पुरानी भर्ती में जोड़ने के बजाय उन्हें नई भर्ती में विज्ञापित किया जाएगा। विभाग ने शिक्षक वर्ग-1 (उच्च माध्यमिक शिक्षक), वर्ग-2 (माध्यमिक शिक्षक) और वर्ग-3 (प्राथमिक शिक्षक) की भर्ती को लेकर यह स्पष्टीकरण दिया है। साथ ही बैकलॉग पदों, ओबीसी के होल्ड पदों और लंबित न्यायालयीन मामलों की भी जानकारी साझा की गई है।

Teacher Recruitment: परीक्षा परिणाम के बाद पद बढ़ाना संभव नहीं

स्कूल शिक्षा विभाग के मुताबिक किसी भी भर्ती विज्ञापन में घोषित पदों की संख्या परीक्षा परिणाम आने के बाद बढ़ाई या घटाई नहीं जा सकती। विभाग ने इसे विधि द्वारा स्थापित सिद्धांत बताया है। विभाग का कहना है कि बाद में सामने आने वाली नई रिक्तियों को नई भर्ती के विज्ञापन में शामिल किया जा सकता है, लेकिन उन्हें पुरानी भर्ती में पदवृद्धि के रूप में जोड़ना नियमों के अनुरूप नहीं है। इसी वजह से शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने की अभ्यर्थियों की मांग पर विचार करना संभव नहीं है।

Backlog Vacancy: दूसरे वर्ग के अभ्यर्थियों से नहीं भरे जाएंगे आरक्षित पद

विभाग ने बैकलॉग पदों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की है। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण जो पद बैकलॉग में रह गए हैं, उन्हें अनारक्षित या ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों से नहीं भरा जा सकता। ऐसे पदों को आगे नई भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। विभाग ने यह भी कहा है कि यह कहना सही नहीं है कि रिक्त पदों पर भर्ती नहीं की जा रही है। विभाग के अनुसार वर्तमान में धरना दे रहे अभ्यर्थी चयन सूची में शामिल नहीं हैं। इसलिए यह दावा भी सही नहीं है कि चयनित अभ्यर्थी धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।

Higher Secondary Teacher Recruitment 2023: 7591 पद विज्ञापित

उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती 2023 में विभाग की ओर से कुल 7591 पद विज्ञापित किए गए थे। इनमें 7086 पद अन्य पिछड़ा वर्ग के 13 प्रतिशत पद होल्ड होने के कारण भर्ती के लिए उपलब्ध नहीं रहे। कर्मचारी चयन मंडल से 3650 अभ्यर्थियों की चयन सूची विभाग को मिली थी। इनमें से 3194 अभ्यर्थियों के नियुक्ति आदेश जारी किए जा चुके हैं। नियुक्ति आदेश जारी करने की प्रक्रिया वर्ष 2024 में पूरी हो चुकी थी। शेष 456 अभ्यर्थियों की प्रतीक्षा सूची के संबंध में प्रक्रिया फिलहाल न्यायालयीन मामलों के कारण रुकी हुई है।

Supreme Court Case: पूरक चयन परीक्षा का मामला अभी लंबित

उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती 2023 से जुड़े एक मामले में न्यायालय के 17 मार्च 2025 के आदेश के तहत भर्ती नियमों में बदलाव कर शैक्षणिक योग्यता को प्रतिशत के आधार पर निर्धारित करने और संशोधित नियमों के साथ पूरक चयन परीक्षा कराने का निर्देश दिया गया था।

इसमें 50 प्रतिशत अनारक्षित और 45 प्रतिशत अनारक्षित संबंधी शैक्षणिक योग्यता के प्रावधान का उल्लेख है। भर्ती प्रक्रिया के बीच में नियमों में बदलाव करके पूरक चयन परीक्षा कराने में आने वाली कठिनाइयों के चलते सर्वोच्च न्यायालय में एसएलपी दाखिल की गई। इस मामले में सर्वोच्च न्यायालय ने पूरक चयन परीक्षा आयोजित कराने संबंधी आदेश पर स्थगन दिया है। शीघ्र सुनवाई के आवेदन पर अगली सुनवाई 25 सितंबर 2026 को निर्धारित है।

आयु सीमा में 3 साल की छूट का मामला भी कोर्ट में

उच्च माध्यमिक शिक्षक चयन परीक्षा 2023 में अधिकतम आयु सीमा में तीन साल की छूट से जुड़ा मामला भी न्यायालय में विचाराधीन है। 15 अक्टूबर 2024 को जबलपुर हाईकोर्ट ने याचिकाकर्ताओं के पक्ष में फैसला देते हुए तीन साल की अतिरिक्त आयु सीमा को मान्य किया था। साथ ही ऐसे अभ्यर्थियों के लिए दोबारा चयन परीक्षा कराने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद मामले को सर्वोच्च न्यायालय में एसएलपी के जरिए चुनौती दी गई। एसएलपी डायरी में 2 मई 2025 को पारित आदेश में सुप्रीम कोर्ट ने यथास्थिति यानी Status Quo बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

Secondary Teacher Recruitment 2025-26: 3699 नियुक्ति आदेश जारी

माध्यमिक शिक्षक नियोजन 2025-26 में विभाग ने 7082 पद विज्ञापित किए थे। इनमें से 6468 पद भर्ती के लिए उपलब्ध रहे, जबकि ओबीसी के 13 प्रतिशत पदों के कारण 614 पद होल्ड रखे गए। कर्मचारी चयन मंडल से 4005 अभ्यर्थियों की चयन सूची प्राप्त हुई। उपलब्ध 2463 पदों में अनुसूचित जाति के 409 और अनुसूचित जनजाति के 2054 पदों पर अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं हैं। चयन सूची में शामिल 4005 अभ्यर्थियों में से 3699 के नियुक्ति आदेश जारी किए जा चुके हैं। बाकी 306 अभ्यर्थी अपात्र पाए गए हैं। उनके स्थान पर प्रतीक्षा सूची से अभ्यर्थियों की नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है।

Primary Teacher Recruitment 2025-26: 6922 अभ्यर्थियों को नियुक्ति

प्राथमिक शिक्षक नियोजन 2025-26 के तहत विभाग ने 10,150 पद विज्ञापित किए थे। इनमें 9161 पद भर्ती के लिए उपलब्ध रहे, जबकि ओबीसी के 13 प्रतिशत पदों के कारण 989 पद होल्ड पर रखे गए। कर्मचारी चयन मंडल से 7962 अभ्यर्थियों की चयन सूची मिली। इनमें अनुसूचित जनजाति के 1199 पदों के लिए अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं हैं।

7962 अभ्यर्थियों में से 6922 के नियुक्ति आदेश जारी किए जा चुके हैं। शेष 1040 पदों में से 465 के संबंध में दस्तावेज सत्यापन और दिव्यांग अभ्यर्थियों के सत्यापन आदि की प्रक्रिया चल रही है। वहीं, प्रतीक्षा सूची में उपलब्ध अभ्यर्थियों में से 575 के लिए प्रवर्गवार नियुक्ति की कार्रवाई की जाएगी।

शिक्षक भर्ती में 8038 बैकलॉग और 3990 पद होल्ड

स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार उच्च माध्यमिक शिक्षक के 3436 और माध्यमिक शिक्षक के 2463 पदों पर आरक्षित प्रवर्ग के अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं हैं। प्राथमिक शिक्षक के भी 1199 पदों पर अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं हैं। इसके अलावा करीब 2108 पद ओबीसी के 13 प्रतिशत पद होल्ड होने के कारण रिक्त हैं। इन पदों पर दूसरे प्रवर्ग के अभ्यर्थियों की नियुक्ति नहीं की जा सकती। विभाग ने बताया कि कुल मिलाकर 18,088 रिक्तियों में 8038 पद बैकलॉग के हैं। वहीं 10,050 पद नए हैं और 3990 पद होल्ड पर रखे गए हैं।

Promotion के 59073 पद शामिल, टीईटी को लेकर प्रक्रिया लंबित

स्कूल शिक्षा विभाग में प्राचार्य और शिक्षकों की उपलब्धता से जुड़े मामलों पर भी जानकारी दी गई है। पदोन्नति के संबंध में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद स्टैंडिंग काउंसिल से अभिमत लिया गया था। स्टैंडिंग काउंसिल की राय है कि केवल टीईटी पास शिक्षकों को ही पदोन्नति दी जाए। इसी वजह से पदोन्नति की प्रक्रिया भी फिलहाल लंबित है।

विभाग में कुल 72,901 रिक्त पदों में 59,073 पद पदोन्नति से जुड़े हैं। इनमें 3990 पद ओबीसी के 13 प्रतिशत होल्ड पदों में और 8038 पद बैकलॉग के हैं। पदोन्नति के बाद जो पद रिक्त होंगे, उन पर भर्ती की कार्रवाई की जाएगी। वहीं बैकलॉग के पदों को दोबारा नई भर्ती में विज्ञापित किया जा रहा है। विभाग के मुताबिक सीधी भर्ती की मौजूदा रिक्तियों में बड़ी संख्या बैकलॉग और 13 प्रतिशत ओबीसी होल्ड पदों की है।

July 2027 तक रिक्तियों की गणना, जल्द आएंगे नए भर्ती विज्ञापन

स्कूल शिक्षा विभाग अब आगामी शिक्षक भर्तियों की तैयारी में जुटा है। इसके लिए जुलाई 2027 तक की रिक्तियों की गणना की जा रही है। विभाग ने संकेत दिया है कि जल्द ही नई भर्तियों के विज्ञापन जारी किए जाएंगे। वर्तमान आंकड़ों के अनुसार उच्च माध्यमिक शिक्षक के कुल 4769 पद रिक्त हैं। इनमें 3219 बैकलॉग और 1530 नए पद हैं। इसके अलावा 1316 पद होल्ड पर रखे गए हैं।

माध्यमिक शिक्षक के कुल 5504 पदों में 2504 बैकलॉग और 3000 नए पद हैं। इनमें नियमानुसार 929 पद होल्ड हैं। प्राथमिक शिक्षक के कुल 7815 पद रिक्त हैं। इनमें 2315 बैकलॉग और 5500 नए पद हैं, जबकि 1745 पद होल्ड पर हैं। इस तरह तीनों श्रेणियों को मिलाकर कुल 18,088 रिक्तियों में 8038 बैकलॉग पद, 10,050 नए पद और 3990 होल्ड पद शामिल हैं।

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

Rewa-Sidhi Accident: मौतों पर CM मोहन यादव दुखी, परिवारों को 2 लाख
Sheopur News: बलराम महोत्सव में CM मोहन यादव का ऐलान, किसानों को मिलेंगी ये बड़ी सुविधाएं