MP Tourism Quiz 2026: मध्य प्रदेश को जानिए, क्विज जीतिए और मुफ्त घूमने जाइए

Published : Jul 03, 2026, 03:49 PM ISTUpdated : Jul 03, 2026, 04:15 PM IST
MP Tourism Quiz 2026

सार

मध्य प्रदेश पर्यटन क्विज-2026 के लिए 25 जुलाई तक पंजीयन होंगे। 9वीं से 12वीं के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। विजेता टीमों को मुफ्त पर्यटन भ्रमण का मौका मिलेगा।

मध्य प्रदेश के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहरों, कला, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन स्थलों की जानकारी विद्यार्थियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा 'पर्यटन क्विज-2026' का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रदेश के विद्यालय 1 जुलाई 2026 से 25 जुलाई 2026 की शाम 5:30 बजे तक ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। इस क्विज के लिए पंजीयन आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से किया जाएगा। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यटन के माध्यम से सीखने की रुचि विकसित करना और मध्य प्रदेश के पर्यटन से जुड़े ज्ञान को बढ़ावा देना है।

कौन-कौन से विद्यार्थी ले सकेंगे MP Tourism Quiz 2026 में हिस्सा?

इस प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई तथा केंद्रीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक अध्ययनरत छात्र-छात्राएं भाग ले सकते हैं। विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों का पंजीयन किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक बच्चों को इस राज्यस्तरीय पहल से जोड़ा जा सके।

7 अगस्त को सभी जिलों में होगी 'बूझो जानो फिर देखो अपना प्रदेश' क्विज

'बूझो जानो फिर देखो अपना प्रदेश' थीम पर आधारित मध्य प्रदेश पर्यटन क्विज-2026 का जिला स्तरीय आयोजन 7 अगस्त 2026 को प्रदेश के सभी जिलों में एक साथ किया जाएगा। प्रतियोगिता में पूछे जाने वाले प्रश्न मध्य प्रदेश के पर्यटन स्थलों, कला, संस्कृति, धार्मिक विरासत, प्राकृतिक संपदा और ऐतिहासिक धरोहरों से जुड़े होंगे।

जिला स्तरीय प्रतियोगिता दो चरणों में होगी आयोजित

जिला स्तर की प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहले चरण में लिखित परीक्षा होगी। इस परीक्षा के आधार पर सर्वश्रेष्ठ छह टीमों का चयन किया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में इन छह टीमों के बीच ऑडियो-विजुअल और मल्टीमीडिया आधारित क्विज प्रतियोगिता आयोजित होगी। जिले में प्रथम स्थान हासिल करने वाली विद्यालयीन टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपने जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।

MP Tourism Quiz 2025 में हजारों विद्यार्थियों ने दिखाई थी भागीदारी

मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग वर्ष 2016 से लगातार पर्यटन क्विज का आयोजन कर रहा है। केवल कोविड महामारी के दौरान वर्ष 2020-21 में इसका आयोजन नहीं हो सका था। वर्ष 2025 में आयोजित पर्यटन क्विज को विद्यार्थियों का शानदार सहयोग मिला। प्रतियोगिता में 24,489 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया, जबकि 8,163 विद्यालयों ने अपने छात्रों का पंजीयन कराया था। यह आंकड़े इस बात का प्रमाण हैं कि विद्यार्थियों में प्रदेश की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक धरोहरों को जानने की रुचि लगातार बढ़ रही है।

पर्यटन क्विज-2026 का उद्देश्य क्या है?

इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों से परिचित कराना है। साथ ही उन्हें प्रदेश की समृद्ध विरासत, पर्यटन संभावनाओं और सांस्कृतिक पहचान से जोड़ना भी इसका प्रमुख लक्ष्य है। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड चाहता है कि नई पीढ़ी अपने प्रदेश की अनमोल धरोहरों को जाने, समझे और उनके संरक्षण के प्रति जागरूक बने।

विजेता टीमों को मिलेगा मध्य प्रदेश पर्यटन भ्रमण का शानदार मौका

मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को आकर्षक पुरस्कार भी देगा। प्रत्येक जिले की प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (MPSTDC) के होटलों में 2 रात्रि और 3 दिवस के निःशुल्क पर्यटन भ्रमण का कूपन प्रदान किया जाएगा।

इसके अलावा चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाली टीमों को 1 रात्रि और 2 दिवस के निःशुल्क पर्यटन भ्रमण का कूपन मिलेगा। इन पर्यटन कूपनों के अंतर्गत विद्यार्थियों के आने-जाने, आवास, भोजन और स्थानीय भ्रमण का पूरा खर्च मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड वहन करेगा, जिससे विद्यार्थियों को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों को नजदीक से देखने और समझने का अवसर मिल सके।

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

सुप्रीम कोर्ट ने क्यों नहीं रोकी सोनम रघुवंशी की ज़मानत? खुली मेघालय पुलिस की चौंकाने वाली चूक
MP News: स्कूल से एयरपोर्ट तक CM मोहन यादव का मेगा प्लान, अफसरों को दिए कई सख्त निर्देश