
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार, 16 जून को मंत्रालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नीट (यूजी) परीक्षा 2026 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली यह महत्वपूर्ण परीक्षा 21 जून को प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा से पहले पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि परीक्षा संचालन पूरी पारदर्शिता, बेहतर प्रबंधन और उच्च स्तर की कार्यकुशलता के साथ किया जाना चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही, त्रुटि या अव्यवस्था की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने उच्च शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर बायोमैट्रिक मशीनें, सीसीटीवी कैमरे और जैमर 19 जून तक स्थापित कर दिए जाएं। साथ ही 20 जून को इन सभी उपकरणों का ट्रायल रन भी कराया जाए, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की तकनीकी समस्या न आए।
उन्होंने बताया कि 21 जून को राष्ट्रपति का जबलपुर दौरा प्रस्तावित है। शहर में 24 परीक्षा केंद्रों पर नीट परीक्षा आयोजित होगी। ऐसे में प्रशासन और पुलिस विभाग को विशेष यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशानी न हो।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि परीक्षा वाले दिन अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। ऐसे में जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि इन आयोजनों के कारण परीक्षार्थियों की आवाजाही प्रभावित न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी अभ्यर्थी समय से पहले अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकें। यदि किसी विद्यार्थी को परिवहन संबंधी समस्या आती है तो प्रशासन और पुलिस आवश्यक सहयोग प्रदान करें। जरूरत पड़ने पर शासकीय वाहन या अधिकारियों के वाहन से भी विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नीट परीक्षा के लिए तैयार की गई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) प्रभावी साबित होने पर भविष्य में प्रदेश की अन्य प्रतियोगी और शैक्षणिक परीक्षाओं में भी लागू की जाएगी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में परीक्षा केंद्र वाले सभी जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, पुलिस आयुक्त और संबंधित अधिकारियों ने भाग लेकर अब तक की तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की।
अपर मुख्य सचिव, उच्च शिक्षा एवं जनसंपर्क अनुपम राजन ने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी जिलों में समन्वय समितियों का गठन कर उनकी बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। इसके अलावा नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं और जिला नोडल अधिकारियों की नियुक्ति भी की गई है। प्रत्येक तीन से चार परीक्षा केंद्रों पर एक नोडल अधिकारी तैनात रहेगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर सहायक उपनिरीक्षक स्तर के पुलिस अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं। साथ ही संबंधित जिलों में सेक्टर मजिस्ट्रेट और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी गई है।
अपर मुख्य सचिव ने जानकारी दी कि परीक्षा प्रश्नपत्र प्रदेश के पांच एयरपोर्ट के माध्यम से सुरक्षित रूप से पहुंचाए जा चुके हैं। इन्हें एनटीए द्वारा अधिसूचित दो बैंकों में सुरक्षित रखा गया है। बालाघाट जिले में प्रश्नपत्रों की आपूर्ति हेलिकॉप्टर के माध्यम से की गई है। परीक्षा दिवस पर प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन के लिए जिला प्रशासन वाहनों की व्यवस्था करेगा और इसकी जानकारी एनटीए को उपलब्ध कराई जा रही है।
नीट परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर दो स्तर की सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। बाहरी सुरक्षा की जिम्मेदारी राज्य पुलिस और होमगार्ड के पास होगी, जबकि आंतरिक सुरक्षा का संचालन एनटीए द्वारा नियुक्त एजेंसी करेगी। महिला अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए अलग फ्रिस्किंग व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है।
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। सभी केंद्रों पर जनरेटर, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सुचारू रूप से संचालित पंखों की व्यवस्था अनिवार्य होगी। इसके अतिरिक्त स्वच्छ पेयजल, अलग शौचालय, ओआरएस, ग्लूकोज, प्राथमिक उपचार किट और स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। नियंत्रण कक्ष में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की टीम भी तैनात रहेगी। परीक्षार्थियों के साथ आने वाले अभिभावकों और परिजनों के लिए टेंट, मोबाइल शौचालय और प्रतीक्षा व्यवस्था भी की जाएगी। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर क्लॉक रूम की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
नीट (यूजी) परीक्षा 2026 मध्यप्रदेश के 30 जिलों में स्थित 283 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इनमें इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, उज्जैन, सागर, छिंदवाड़ा, बैतूल, भिंड, बालाघाट, अशोकनगर, छतरपुर, रतलाम, बड़वानी, खरगौन, धार, खंडवा, नर्मदापुरम, दमोह, दतिया, देवास, गुना, मंदसौर, मुरैना, नीमच, राजगढ़, सिंगरौली, विदिशा और सतना शामिल हैं।
अधिक परीक्षा केंद्र वाले प्रमुख जिलों में इंदौर (57), भोपाल (32), ग्वालियर (24), जबलपुर (24), रीवा (12), बड़वानी (11), खरगौन (9), रतलाम (9) और उज्जैन (8) शामिल हैं।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।