Pratibha Samman Samaroh: PM मोदी का जिक्र कर CM मोहन यादव ने युवाओं को दिया सफलता का बड़ा मंत्र

Published : Jul 13, 2026, 08:44 AM IST
Pratibha Samman Samaroh bhopal

सार

भोपाल के प्रतिभा सम्मान समारोह में CM डॉ. मोहन यादव ने युवाओं को मेहनत और प्रतिभा के दम पर विश्व स्तर पर पहचान बनाने का संदेश दिया और PM मोदी को प्रेरणा बताया।

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश के युवा अपनी प्रतिभा, मेहनत और बुद्धिमत्ता के दम पर न केवल मध्यप्रदेश और भारत बल्कि पूरी दुनिया में अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि युवाओं को सही दिशा और अवसर मिलें तो वे हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री रविवार को भोपाल के रवींद्र भवन स्थित हंसध्वनि सभागार में नवप्रयाग सांस्कृतिक एवं सामाजिक विकास समिति द्वारा आयोजित दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) के निदेशक डॉ. आशुतोष कुमार सिंह, डॉ. मिनी मेहरा तथा कार्यक्रम की संयोजक आरती अनेजा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

PM मोदी का उदाहरण देकर युवाओं को दिया प्रेरणा का संदेश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि एक सामान्य परिवार से निकलकर प्रधानमंत्री मोदी ने आज पूरी दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ाया है। उनका जीवन इस बात का प्रमाण है कि मेहनत, समर्पण और संकल्प के बल पर कोई भी व्यक्ति बड़ी सफलता हासिल कर सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कोरोना महामारी के कठिन समय में भारत ने वैक्सीन तैयार कर न केवल अपने नागरिकों बल्कि कई अन्य देशों के लोगों की भी जान बचाने का काम किया। इसके अलावा डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) जैसी व्यवस्था के जरिए करोड़ों लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाया गया।

प्रतिभाएं मेहनत, संस्कार और समय के सदुपयोग से बनती हैं सफल

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सम्मानित होने वाले सभी विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभाओं को बधाई देते हुए कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि कठिन परिश्रम, अच्छे संस्कार, सही सोच, बुद्धिमत्ता और समय के बेहतर उपयोग से मिलती है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतिभाएं केवल अपनी पहचान ही नहीं बनातीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। सम्मान मिलने से युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं।

चांदनी विश्वकर्मा और नेताजी सुभाष चंद्र बोस का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने भोपाल की छात्रा सुश्री चांदनी विश्वकर्मा का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने कक्षा 12वीं की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान हासिल कर प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नेताजी ने भारतीय सिविल सेवा (ICS) जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा पास करने के बावजूद राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए नौकरी छोड़ दी और देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका जीवन आज भी युवाओं को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने नवप्रयाग सांस्कृतिक एवं सामाजिक विकास समिति द्वारा आयोजित इस सम्मान समारोह की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच प्रदान करते हैं।

स्थानीय विधायक भगवानदास सबनानी ने प्रतिभाओं को दी शुभकामनाएं

दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व और मार्गदर्शन में क्षेत्र के विद्यार्थी शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा स्नातक और स्नातकोत्तर में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले छात्रों का सम्मान किया गया।

शिक्षा, खेल, साहित्य और कला क्षेत्र की प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

समारोह में शिक्षा के साथ-साथ खेल, कला, साहित्य और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया। इस वर्ष साहित्य, पत्रकारिता और अभिनय के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. वीणा सिन्हा, प्रीति खरे, ब्रजेश राजपूत और संजय मेहता को सम्मानित किया गया। वहीं खेल क्षेत्र में वाटर स्पोर्ट्स की खिलाड़ी आस्था मीणा सहित सृष्टि गुप्ता, श्रेया मिश्रा और शिवान सिंह सिसौदिया को भी उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मान प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने सभी सम्मानित प्रतिभाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा ही विकसित मध्यप्रदेश और विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं।

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

MP Tech Growth Conclave 3.0: GCC, डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर से बदलेगी मध्यप्रदेश की तस्वीर
13 जुलाई 2026 मौसम अपडेट: दिल्ली-NCR, यूपी, बिहार, झारखंड, एमपी, गुजरात और महाराष्ट्र में बारिश का अलर्ट, जानिए कहां कैसा रहेगा मौसम