
राजगढ़. मध्य प्रदेश के राजगढ़ में एक शख्स की मौत को लेकर चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि शख्स को उसके ससुरालवाले पसंद नहीं करते थे। जब वो अपनी पत्नी को लेने ससुराल गया, तो उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। अब उसकी पत्नी ने कहा है कि उसके पति को फांसी पर चढ़ा दिया गया था। जिस साड़ी से शख्स लटका मिला, वो उसकी सास की थी।
दरअसल, 23 अप्रैल की सुबह 7:30 बजे रिछाड़िया गांव में एक युवक फांसी पर लटका मिला था। भोजपुर थाना प्रभारी जितेंद्र मावरी के मुताबिक, जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो देखा कि युवक अपनी ससुराल के गांव में ही एक पेड़ पर साड़ी के फंदे से लटका था। उसकी पहचान डोरियाखेड़ी गांव निवासी हेमराज तंवर (26) के रूप में हुई।
जब पुलिस हेमराज का शव पेड़ से उतार रही थी, तब उसकी पत्नी शारदा अपने मां-बाप के साथ घटनास्थल पर पहुंच गई। वहां उसने पुलिस को यह कहकर सनसनी फैला दी कि जिस साड़ी पर उसका पति लटक रहा है, वो उसकी मां की है। उसने अपनी मां पर हत्या का इल्जाम लगाया है।
पुलिस के अनुसार, तंवरवाड़ क्षेत्र के रिछाड़िया गांव की 22 साल की शारदा की शादी दो साल पहले उसके गांव से महज 2 किलोमीटर दूर स्थित गांव डोरियाखेड़ी के हेमराज से हुई थी। हेमराज किसान था। शारदा अपनी दो बहनों में सबसे छोटी है। शादी के बाद शारदा के पिता अमर सिंह ने अगले साल गौना करने की बात कही थी। यहां ऐसा प्रचलन है।
शादी के बाद हेमराज और शारदा फोन पर बात करने लगे थे। हेमराज कई बार बिना बुलाए ससुराल भी पहुंच जाया करता था। चूंकि उसकी शादी को डेढ़ साल से अधिक हो गया था, इसलिए वो चाहता था कि अब उसकी पत्नी का गौना करा दिया जाए। यह बात उसके ससुरालवालों को चुभ गई और वो दामाद से चिढ़ गए।
शारदा को पता चला कि उसके मां-बाप हेमराज को अब पसंद नहीं करते हैं। वे उसकी दूसरी शादी कराने का भी मन बना रहे हैं। यह जानकार शारदा ने हेमराज से उस साथ ले जान को बोल दिया। हेमराज ससुराल पहुंचा, तो सास-ससुर भड़क उठे। हालांकि हेमराज की सास राधेबाई ने बहाने से उसे ससुराल बुलाया था।
जब हेमराज ससुराल पहुंचा, तो ससुरालपक्ष ने उसकी पिटाई कर दी। हेमराज जान बचाकर भागा और अपने घर पर कॉल किया। यह सुनकर उसके पिता और चचेरे भाई उसे बचाने पहुंचे। वहां हेमराज के ससुरालवालों ने उनके ऊपर पथराव कर दिया। हेमराज वहां से जान बचाकर भाग गया, लेकिन फिर फंदे पर लटका मिला।
यह भी पढ़ें
सोशल मीडिया पर वायरल है छत्तीसगढ़ की ये शादी, अस्पताल में थी दुल्हन और बारात लेकर पहुंच गया दूल्हा
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।