Samvidhan Gaurav Divas: संविधान को आहत करने वालों पर बरसे MP CM मोहन यादव, शाहबानो से धारा 370 तक का जिक्र

Published : Nov 27, 2026, 09:08 AM IST
Samvidhan Gaurav Divas MP CM Mohan Yadav

सार

संविधान गौरव दिवस पर CM मोहन यादव ने आपातकाल, प्रेस पर बंदिशों और लोकतंत्र की मजबूती पर बात की। गजेंद्र सिंह शेखावत ने अंबेडकर के आदर्शों और विकसित भारत पर जोर दिया।

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल और प्रेस पर बंदिशों के बावजूद भारत का लोकतंत्र आज भी सशक्त है। संविधान ने देश के नागरिकों को इतनी शक्ति दी है कि वे अपने प्रतिनिधि चुनने से लेकर सत्ता के सर्वोच्च पद तक पहुंचने का अवसर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज देश में संविधान को पूरा सम्मान और महत्व दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 नवंबर को संविधान गौरव दिवस के रूप में मनाने की परंपरा शुरू की, ताकि देश संविधान के लगभग आठ दशक के सफर पर विचार कर सके।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संविधान गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित प्रबुद्धजन संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर और अन्य अतिथि मौजूद रहे। संगोष्ठी से पहले मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने परिसर में आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके बाद मंचासीन अतिथियों का स्वागत किया गया।

संविधान गौरव दिवस पर मोहन यादव का बयान, भारत का लोकतंत्र सबसे मजबूत

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत आज दुनिया का सबसे युवा और सबसे बड़ा सशक्त लोकतांत्रिक देश है। दुनिया के कई देशों में हिंसा और हथियारों के बल पर सत्ता परिवर्तन हुए हैं, लेकिन भारत में संविधान के पवित्र ग्रंथ की बदौलत लोकतंत्र लगातार मजबूत बना हुआ है। संविधान ही हमें लोकतांत्रिक मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि शाहबानो प्रकरण से लेकर कश्मीर में धारा 370 की समाप्ति तक की घटनाओं को देखें तो कुछ व्यक्तियों और राजनीतिक दलों ने अपनी दूषित मानसिकता के कारण संविधान को आहत किया है। इसके बावजूद भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था कायम है और आज संविधान को पूरा सम्मान मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में हर पांच साल में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुनाव होते हैं। नागरिकों को अपना प्रतिनिधि चुनने का अवसर मिलता है। लंबे संघर्ष के बाद हमें आजादी मिली और संविधान में यह स्पष्ट किया गया कि किसी भी सरकार के काम करने का आधार क्या होना चाहिए।

संविधान निर्माण में मध्यप्रदेश की विभूतियों का भी रहा योगदान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय संविधान के निर्माण में मध्यप्रदेश की विभूतियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। स्वतंत्रता के बाद देश का नाम इंडिया हो या भारत, इस पर निर्णय लेने के लिए मध्य क्षेत्र को मध्य भारत प्रांत की मान्यता दी गई थी। यहीं से देश का नाम भारत करने के निर्णय को बल मिला। उन्होंने कहा कि संविधान में समानता की बात कही गई है। राजकुमारी अमृत कौर ने देश में पहली बार सभी नागरिकों के लिए समान कानून का समर्थन किया था। एक तरह से यह समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी के विचार का समर्थन था।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय पंचांग का जिक्र करते हुए कहा कि विक्रम संवत को मान्यता देने के बजाय शक संवत को राष्ट्रीय पंचांग के रूप में लागू किया गया। जबकि इसमें तिथि और महीने विक्रम संवत की तरह ही हैं। उन्होंने कहा कि तत्कालीन सरकारों ने सम्राट विक्रमादित्य द्वारा दिए गए विक्रम संवत को आगे नहीं बढ़ाया।

संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए क्रांतिकारियों ने दिया बलिदान

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सरदार भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद जैसे अनेक वीर क्रांतिकारियों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। यह बलिदान का सिलसिला एक हजार वर्ष पहले पृथ्वीराज सिंह चौहान के समय से चला आ रहा है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष की बदौलत ही आज भारत में गरीब से गरीब परिवार का व्यक्ति भी सत्ता के सर्वोच्च स्थान तक पहुंच सकता है। संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को यह शक्ति दी है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि वे लगातार तीसरी बार सरकार चला रहे हैं और सबसे लंबे समय तक सरकार चलाने वाले नेताओं में शामिल हैं।

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत बोले- संविधान ने दिखाया न्याय और समानता का रास्ता

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि संविधान ने देश को न्याय, समानता, एकता और बंधुत्व का मार्ग दिखाया है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने जो जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली थी, आज उनके अधूरे कार्यों को पूरा करने का संकल्प लेने का अवसर है।

उन्होंने कहा कि संविधान सभा के पहले अध्यक्ष और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद, प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. अंबेडकर, सरदार वल्लभ भाई पटेल सहित सभी सदस्यों ने भारत की अखंडता को ध्यान में रखकर संविधान की रचना की थी। इसमें महिला सदस्यों की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही।

शेखावत ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का मानना था कि समाज के आखिरी व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के भाव से बाबा साहेब के आदर्शों को जमीन पर उतारने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का मानना है कि संविधान भारत की एकता, न्याय और समानता का पथ प्रदर्शक है। यह करोड़ों भारतीयों की जीवन यात्रा का अभिन्न अंग है।

आरक्षण, महिला अधिकार और विकसित भारत पर भी रखी बात

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर ने धर्म और पहचान के आधार पर आरक्षण का पुरजोर विरोध किया था। उनका मानना था कि आरक्षण आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक आधार पर दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति का आकलन महिलाओं की स्थिति देखकर किया जा सकता है। सरकार महिलाओं और बहन-बेटियों को अधिकार दिलाने के लिए काम कर रही है। बाबा साहेब ने महिलाओं के लिए विरासत, विवाह, तलाक और समान अधिकारों की वकालत की थी।

शेखावत ने कहा कि भारत वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनने के मुहाने पर खड़ा है। ऐसे में सभी नागरिकों को अपने कर्तव्य भाव को भी जागृत करना होगा। आने वाली पीढ़ी के लिए विकसित भारत का निर्माण करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

संविधान दिवस 26 नवंबर: अधिकारों और कर्तव्यों को समझने का अवसर

उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश रोहित आर्य ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकार किया था। इसके बाद 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू हुआ। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस देशवासियों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों का बोध कराने का अवसर है। संविधान ने नागरिकों को समानता, न्याय और सम्मान का अधिकार दिया है।

हेमंत खंडेलवाल बोले- 1975 में संविधान का गला घोंटा गया था

प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देशवासियों को संविधान जैसे पवित्र ग्रंथ की सौगात दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 नवंबर 2015 से संविधान गौरव दिवस मनाने की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर की जन्मस्थली मध्यप्रदेश के महू में स्थित है। उन्होंने अपने जीवन में अनेक कष्ट सहे और अपनी पीड़ा को प्रेरणा बनाया। वर्ष 1975 में तत्कालीन सरकार ने संविधान का गला घोंट दिया था। खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर के जीवन से जुड़े सभी पांच स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करने का काम किया गया है।

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

Sugarcane Price MP: मध्यप्रदेश में गन्ना किसानों की बल्ले-बल्ले, 450 रुपये प्रति क्विंटल तक भाव
MP News: 55 मेडिकल कॉलेजों से बदलेगी स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर, CM मोहन यादव ने बताई सरकार की योजना