
उज्जैन में वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ की तैयारियां तेज हो गई हैं। श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए शहर में सड़क चौड़ीकरण समेत कई विकास और निर्माण कार्य मास्टर प्लान के अनुरूप किए जा रहे हैं। इसी दौरान छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाए जाने को लेकर सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर चर्चा शुरू हुई। मामले में उज्जैन कलेक्टर रोशन सिंह और शहर काजी खली कुर्रे रहमान ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
सिंहस्थ महाकुंभ 2028 को लेकर उज्जैन में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का काम चल रहा है। प्रशासन का फोकस प्रमुख सड़कों को बेहतर और चौड़ा करने के साथ श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने पर है। इन कार्यों के तहत सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले मकान, दुकान और धर्मस्थलों को हटाने की प्रक्रिया भी चल रही है। प्रशासन के मुताबिक, इन विकास कार्यों में अलग-अलग धर्म और समाज के लोग सहयोग कर रहे हैं। संबंधित समाजों की ओर से सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले निर्माणों को स्वेच्छा से हटाया जा रहा है।
इसी क्रम में छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद के एक हिस्से को भी समाजजनों की ओर से स्वत: हटाया जा रहा है। प्रशासन ने इसे सभी समाजों के सहयोग और आपसी समन्वय की सकारात्मक मिसाल बताया है। उज्जैन कलेक्टर रोशन सिंह ने कहा कि सिंहस्थ की तैयारियों में सभी का सहयोग जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करें और शहर में शांति एवं सद्भाव बनाए रखें। कलेक्टर के अनुसार, सिंहस्थ की तैयारियों में सभी की सहभागिता उज्जैन की एकता और भाईचारे को और मजबूत करेगी।
उज्जैन शहर काजी खली कुर्रे रहमान ने भी लोगों से मौके पर अनावश्यक रूप से नहीं पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि मस्जिद से जुड़ा मामला रात में ही आपसी सहमति से सुलझा लिया गया था। शहर काजी ने कहा कि ऐसी कोई स्थिति नहीं है, जिसके लिए लोगों को वहां जाने की जरूरत हो। जिस काम को पूरा करने का संकल्प लिया गया है, उसे पूरा किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से विशेष रूप से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और अफवाहों के कारण घर से बाहर निकलकर अनावश्यक रूप से मौके पर न पहुंचें।
सिंहस्थ 2028 के मद्देनजर उज्जैन में बड़े स्तर पर निर्माण और यातायात से जुड़े काम होने हैं। ऐसे में प्रशासन के सामने विकास कार्यों के साथ सामाजिक समन्वय बनाए रखना भी अहम है। शाही मस्जिद को लेकर सामने आए मामले में कलेक्टर और शहर काजी दोनों ने स्पष्ट किया है कि मामला आपसी सहमति से सुलझ चुका है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह के आधार पर मौके पर भीड़ न जुटाएं। सिंहस्थ की तैयारियों में सभी समुदायों के सहयोग से ही व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से पूरा किया जा सकेगा।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।