मुख्यमंत्री मोहन यादव ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को कैबिनेट मंजूरी देने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मोदी का आभार जताया है। जानिए सीएम यादव ने क्या कहा...
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा परिसीमन एवं महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी देने के लिए पीएम मोदी का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय मंत्रिमंडल के इस दूरदर्शी निर्णय के परिप्रेक्ष्य में देश की सभी मातृशक्ति को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
ये देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने वाला फैसला- मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर कहा है कि यह देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को अधिक समावेशी और सशक्त बनाने वाला ऐतिहासिक निर्णय है। इससे लोकसभा एवं राज्यों की विधानसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का मार्ग प्रशस्त होगा। साथ ही, लोकसभा की मौजूदा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव से जनप्रतिनिधित्व का भी विस्तार होगा।
देश के विकास में हर क्षेत्र की आवाज संसद में रखा जा सकेगा- सीएम
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि संशोधन विधेयक से देश के विकास में हर क्षेत्र की आवाज को और मुखरता से संसद में रखा जा सकेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लागू करने के लिए नए परिसीमन आयोग के शीघ्र गठन और आरक्षित सीटों के रोटेशन का प्रावधान भी किया गया है।












