
भोपाल/उज्जैन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर 7 अक्टूबर को उज्जैन में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम आस्था गार्डन में हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन वर्चुअली सुना।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के तहत ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का मशाल जलाकर शुभारंभ किया। सीएम ने खुद हाथ में मशाल लेकर यात्रा में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के पुरस्कृत पदाधिकारियों को सम्मानित भी किया।
‘मोदी के 25 साल का सेवाकाल प्रेरणादायक’
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे होना सभी के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का हर दिन और हर पल देश की सेवा के लिए समर्पित रहा है।
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। देश ने बीते वर्षों में कई बड़े और ऐतिहासिक फैसले लिए हैं।
‘सबका साथ, सबका विकास’ के साथ आगे बढ़ रहा देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के भाव के साथ समाज के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना को लोगों तक पहुंचाने में भाजपा कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका है। सभी को मिलकर सेवा और राष्ट्र निर्माण के इस अभियान को आगे बढ़ाना चाहिए।
महाकाल लोक से बढ़ा धार्मिक पर्यटन
सीएम मोहन यादव ने कहा कि उज्जैन में महाकाल लोक के निर्माण के बाद धार्मिक पर्यटन को नई गति मिली है। उनके मुताबिक, पिछले साल करीब 7 करोड़ श्रद्धालु और पर्यटक उज्जैन पहुंचे, जबकि पूरे मध्यप्रदेश में यह संख्या करीब 20 करोड़ रही।
उन्होंने कहा कि यह बदलते मध्यप्रदेश की तस्वीर है, जहां विकास के साथ आस्था और सांस्कृतिक गौरव भी आगे बढ़ रहा है।
‘सेवा की मशाल आगे बढ़ाने का संकल्प’
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिस उत्साह के साथ देश प्रधानमंत्री के सेवाकाल को याद कर रहा है, उसी भावना के साथ मध्यप्रदेश सरकार भी सेवा की मशाल और ज्योति को आगे बढ़ाने के लिए संकल्पित है।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।