'SI ने चार बार रेप किया'…महिला डॉक्टर का सुसाइड नोट पढ़कर कांप उठे लोग

Published : Oct 24, 2025, 03:39 PM IST
satara woman doctor suicide police rape case

सार

महाराष्ट्र के सातारा में महिला डॉक्टर ने आत्महत्या की। सुसाइड नोट में पुलिस अफसर गोपाल बदने पर रेप और उत्पीड़न का आरोप लगाया। पहले भी शिकायत की थी पर कार्रवाई नहीं हुई। अब मामला गरमाया, आरोपी निलंबित।

सातारा (महाराष्ट्र): महाराष्ट्र के सातारा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला डॉक्टर ने आत्महत्या कर ली। यह डॉक्टर पिछले पांच महीनों से एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर द्वारा मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न झेल रही थी। अपने अंतिम क्षणों में उसने अपने बाएं हाथ की हथेली पर लिखा "पुलिस इंस्पेक्टर गोपाल बदने मेरी मौत के जिम्मेदार हैं, उन्होंने मुझे चार बार रेप किया। पांच महीने से शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना दी।" यह घटना राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। आरोपी सब-इंस्पेक्टर गोपाल बदने को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

फालतन अस्पताल में तैनात थी डॉक्टर, पहले भी किया था शिकायत पत्र

मृतक डॉक्टर फालतन उप-जिला अस्पताल में मेडिकल ऑफिसर के पद पर कार्यरत थीं। उन्होंने 19 जून को फालतन के उप-मंडल कार्यालय के डिप्टी एसपी को एक पत्र लिखकर तीन पुलिस अधिकारियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था। पत्र में उन्होंने गोपाल बदने, उप-विभागीय पुलिस निरीक्षक पाटिल, और सहायक पुलिस निरीक्षक लाडपुत्रे के नाम का उल्लेख किया था। उन्होंने लिखा था कि वह “बेहद मानसिक तनाव में हैं, कृपया गंभीर जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।” दुर्भाग्यवश, उनकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, और अब वही शिकायत एक मौत की वजह बन गई।

यह भी पढ़ें: शनिवार वाडा में नमाज पढ़ने पर बवाल,BJP सांसद मेधा कुलकर्णी ने किया विरोध प्रदर्शन

मुख्यमंत्री के आदेश पर निलंबित हुआ आरोपी अफसर

सूत्रों के मुताबिक, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आदेश पर आरोपी एसआई गोपाल बदने को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और एक टीम आरोपी की तलाश में जुटी है, जो फिलहाल सातारा से बाहर बताया जा रहा है।

राजनीतिक घमासान तेज: कांग्रेस ने सरकार को घेरा

घटना के बाद महाराष्ट्र की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने महायुति सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “जब रक्षक ही भक्षक बन जाए तो न्याय कौन देगा? पुलिस का काम सुरक्षा देना है, लेकिन अगर वही उत्पीड़न करे तो जनता कहां जाएगी? इस लड़की ने पहले भी शिकायत की थी, फिर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?” उन्होंने आगे कहा कि सिर्फ जांच का आदेश काफी नहीं है, दोषी पुलिसकर्मियों को बर्खास्त किया जाना चाहिए ताकि जांच पर उनका दबाव न बने।

BJP बोली – जल्द होगी गिरफ्तारी, पूरी जांच का भरोसा

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष और विधान परिषद सदस्य चित्रा वाघ ने कहा, “यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। सातारा एसपी से बात हो चुकी है। एफआईआर दर्ज की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं। बहुत जल्द गिरफ्तारी होगी।” उन्होंने यह भी कहा कि डॉक्टर ने पहले शिकायत की थी लेकिन कार्रवाई नहीं हुई — यह भी जांच का हिस्सा होगा।

NCP ने कहा – ‘शून्य सहिष्णुता नीति’ के तहत सख्त कार्रवाई हो

शिवसेना और भाजपा के साथ गठबंधन में शामिल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता आनंद परांजपे ने कहा, “यह बेहद गंभीर मामला है। महिला उत्पीड़न पर हमारी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति है। आरोपी को सख्त से सख्त सजा मिलेगी।”

महिला आयोग ने लिया संज्ञान, पुलिस से रिपोर्ट तलब

महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग ने घटना का स्वतः संज्ञान लेते हुए सातारा पुलिस से रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने पुलिस को निर्देश दिया है कि-

  • पहले दर्ज शिकायत पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई, इसकी जांच की जाए।
  • आरोपी पुलिस अधिकारियों की भूमिका पर पूरी रिपोर्ट सौंपी जाए।
  • और यह सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

आयोग ने बताया कि मृतक डॉक्टर के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और जांच जारी है।

यह भी पढ़ें: मुंबई में पिता को आजीवन कारावास, बेटी को गर्भवती करने का चौंकाने वाला मामला

Disclaimer: आत्महत्या किसी समस्या का हल नहीं है। अगर आपके मन में भी सुसाइड या खुद को चोट पहुंचाने जैसे ख्याल आ रहे हैं तो आप फौरन घर-परिवार, दोस्तों और साइकेट्रिस्ट की मदद ले सकते हैं। इसके अलावा आप इन हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल करके भी मदद मांग सकते हैं। आसरा (मुंबई) 022-27546669, सुमैत्री (दिल्ली) 011-23389090, रोशनी (हैदराबाद) 040-66202000, लाइफलाइन 033-64643267 (कोलकाता)। स्पंदन (मध्य प्रदेश) 9630899002, 7389366696, संजीवनी: 0761-2626622, TeleMANAS 1-8008914416/14416, जीवन आधार: 1800-233-1250. मानसिक तनाव होने पर काउंसलिंग के लिए हेल्पलाइन नंबर 14416 और 1800 8914416 पर संपर्क कर घर बैठे मदद पा सकते हैं।

PREV

मुंबई-पुणे से लेकर पूरे महाराष्ट्र की राजनीति, बिज़नेस गतिविधियाँ, बॉलीवुड अपडेट्स और लोकल घटनाओं पर हर पल की खबरें पढ़ें। राज्य की सबसे विश्वसनीय कवरेज के लिए Maharashtra News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — केवल Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

Mumbai Crime: बेटी पर बरपा बेरोजगार पिता का कहर, बचाने दौड़ी मां को भी नहीं छोड़ा
TCS ने पुणे ऑफिस से 365 को निकाला, लेबर कमिश्नर के पास पहुंच गए कर्मचारी