
AAP Punjab Crisis: पंजाब में आप सरकार पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। भगवंत मान को कुर्सी से हटाए जाने की चर्चाओं के बीच पंजाब के आप विधायकों के साथ संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मीटिंग की है। मीटिंग के बाद मंगलवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) मीडिया से मुखातिब हुए। मीडिया ने पूछा कि क्या उनको मुख्यमंत्री पद से हटाया गया तो उन्होंने हंसते हुए प्रतिक्रिया दी। यह सवाल आम आदमी पार्टी (AAP) की दिल्ली में करारी हार और अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) की सीट गंवाने के बाद उठाया गया। भगवंत मान दिल्ली में AAP की एक अहम मीटिंग के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। इस मीटिंग में अरविंद केजरीवाल, वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) और पंजाब के सभी विधायक शामिल हुए।
दिल्ली में AAP की हार के बाद पंजाब के विधायकों की बैठक चर्चा का विषय बन गई। इस बीच, बीजेपी (BJP) के वरिष्ठ नेता मंजींदर सिंह सिरसा (Manjinder Singh Sirsa) ने दावा किया कि केजरीवाल, भगवंत मान को नाकाबिल बताकर हटाने की कोशिश कर रहे हैं।
सिरसा ने कहा: दिल्ली चुनाव हारने के बाद अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के विधायकों की बैठक बुलाई है। खबरें हैं कि वे भगवंत मान को मुख्यमंत्री पद से हटाने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने महिलाओं को ₹1,000 देने का वादा पूरा नहीं किया, नशा रोकने में असफल रहे और पंजाब की स्थिति और खराब कर दी। अब, वे अपनी असफलता का ठीकरा भगवंत मान पर फोड़ना चाहते हैं।
जब भगवंत मान से इस दावे पर प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा: उन्हें बोलने दीजिए। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार महिलाओं को हर महीने ₹1,000 देने का अपना वादा जरूर पूरा करेगी।
कांग्रेस (Congress) के नेता प्रताप सिंह बाजवा (Partap Singh Bajwa) ने दावा किया कि पंजाब में AAP के 20 से अधिक विधायक उनके संपर्क में हैं। इस पर तंज कसते हुए भगवंत मान ने कहा: प्रताप बाजवा तीन साल से यही कह रहे हैं। उनसे कहो कि पहले दिल्ली में कांग्रेस के जीरो विधायक गिन लें।
इसके अलावा, जब उनसे पूछा गया कि क्या वे AAP छोड़ने का विचार कर रहे हैं तो उन्होंने कहा: हमने पार्टी को खून-पसीने से बनाया है। दरअसल, कांग्रेस में दल-बदल की परंपरा है। उनके एक नेता ढोल बजा रहे थे AAP की हार का जश्न मनाने के लिए, किसी ने पूछा – भाई, कांग्रेस के जीरो स्कोर का जश्न क्यों मना रहे हो?
बैठक में चर्चा को लेकर भगवंत मान ने बताया कि अरविंद केजरीवाल ने AAP कार्यकर्ताओं को दिल्ली में किए गए ग्राउंड वर्क के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा: हमने दिल्ली में बहुत मेहनत की लेकिन राजनीति में हार-जीत चलती रहती है। हम जनता के फैसले को स्वीकार करते हैं और अब पंजाब को मॉडल स्टेट बनाने की योजना बनाएंगे।
लुधियाना सेंट्रल के विधायक अशोक प्रशार (Ashok Prashar) ने कहा: बैठक में केजरीवाल ने हमें पंजाब में पार्टी को मजबूत करने की सलाह दी। पंजाब में कोई बदलाव नहीं होगा। कांग्रेस के दावे पर उन्होंने जवाब दिया: कांग्रेस को अपनी चिंता करनी चाहिए, उनके जो बचे हैं, वे कहीं AAP में न आ जाएं।
यह भी पढ़ें:
Delhi का नया CM कौन? दलित, OBC या महिला, BJP किस पर लगाएगी दांव? ये हैं दावेदार
पंजाब की राजनीति, किसान मुद्दे, रोजगार, सुरक्षा व्यवस्था और धार्मिक-सामाजिक खबरें पढ़ें। चंडीगढ़, अमृतसर, लुधियाना और ग्रामीण क्षेत्रों की विशेष रिपोर्ट्स के लिए Punjab News in Hindi सेक्शन देखें — ताज़ा और प्रामाणिक खबरें Asianet News Hindi पर।