
अयोध्या, 19 अक्टूबर। रामनगरी अयोध्या की सुंदरता रविवार की शाम ऐसी थी, जिसे शब्दों में बयां करना कठिन है। दीपोत्सव 2025 में जब 26,17,215 (26 लाख, 17 हजार, 215) दीपों की रोशनी से पूरी नगरी जगमगाई, तो दृश्य अद्भुत, अलौकिक और अविस्मरणीय बन गया।
देश-विदेश से आए श्रद्धालु, पर्यटक और स्थानीय निवासी सभी श्रीराम की नगरी में इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने। हर दिशा में “श्रीराम जय राम जय जय राम”, “जय सिया राम” और “सियावर रामचंद्र की जय” के जयघोष गूंज उठे।
सरयू तट (राम की पैड़ी) पर जब लाखों दीप जल उठे, तो मानो स्वयं सरयू मैया भी ‘अपने राम’ के स्वागत में झूम उठीं। हर श्रद्धालु के चेहरे पर उल्लास था। यह अवसर और भी विशेष था, क्योंकि यह दीपोत्सव प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर में विराजमान होने (22 जनवरी 2024) के बाद दूसरा दीपोत्सव था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में दीपोत्सव 2025 ने दो विश्व रिकॉर्ड बनाए-
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधि ने घोषणा करते ही पूरा वातावरण जयघोषों से गूंज उठा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संतोष और गर्व से मुस्कुराते हुए दोनों हाथ उठाकर श्रद्धा प्रकट करते नजर आए।
मुख्यमंत्री के आह्वान पर अयोध्या के 56 घाटों, मंदिरों, आश्रमों, घरों और चौराहों पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय और अन्य कॉलेजों के 32,000 से अधिक स्वयंसेवकों ने तेल-बाती भरने से लेकर दीप जलाने तक का कार्य किया। देश-विदेश से आए आगंतुकों ने भव्य, स्वच्छ और दिव्य अयोध्या का दर्शन कर भावविभोर होकर इसे “धरती का स्वर्ग” बताया।
रामकथा पार्क में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने मंत्रिमंडल के साथ श्रीराम, सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान जी की आरती उतारी। मंच पर उन्होंने संतों के साथ श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक किया। इस दौरान “राम आए अवध की ओर सजनी…” जैसे भक्तिमय गीतों ने वातावरण को भावनाओं से भर दिया।
पुष्पक विमान से राम, लक्ष्मण और सीता के उतरने पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं रथ खींचकर अपनी आस्था का भाव प्रदर्शित किया। इस दृश्य को देखकर साधु-संतों और श्रद्धालुओं की आंखें भावविह्वल हो उठीं।
महंत नृत्य गोपाल दास जी महाराज सहित कई प्रमुख संत, चंपत राय, मंत्री सूर्य प्रताप शाही, जयवीर सिंह, राकेश सचान, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी और अन्य जनप्रतिनिधि इस अवसर पर उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना संबोधन “सियावर रामचंद्र भगवान की जय” के साथ शुरू किया। उन्होंने कहा कि 2017 में दीपोत्सव की शुरुआत 1.71 लाख दीपों से हुई थी, जबकि 2025 में यह संख्या 26 लाख से पार हो गई। समापन भी उन्होंने “जय जय श्रीराम” के साथ किया।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की परिकल्पना का सजीव उदाहरण है।
त्रेतायुग की अयोध्या जैसे कलियुग में पुनः जीवंत हो उठी। मुख्य द्वारों पर तोरणद्वार, सड़कों और मंदिरों पर लाखों फूलों की सजावट, और रंगोलियों ने सौंदर्य को चार चांद लगा दिए। सुबह निकली 22 झांकियों की शोभायात्रा में रूस, थाईलैंड, नेपाल, श्रीलंका और इंडोनेशिया के कलाकारों ने रामलीला के दृश्य प्रस्तुत किए। कुल 2000 से अधिक कलाकारों ने लोक-संस्कृति और भक्ति का संगम दिखाया।
दीपोत्सव के दौरान 2128 वेदाचार्यों और अर्चकों ने एक साथ सरयू मैया की आरती की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी आरती में भाग लिया और सरयू तट पर दीप प्रज्ज्वलित किया। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधियों ने आरती को रिकॉर्ड के रूप में प्रमाणित किया।
दीपोत्सव 2025 में दूसरी बार हुआ ड्रोन शो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। 1100 स्वदेशी ड्रोन के माध्यम से श्रीराम की जीवन गाथा और रामायण के प्रसंगों को आकाश में दर्शाया गया। हर दृश्य देखकर दर्शक भावविह्वल हो उठे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीराम मंदिर पहुंचकर पूजन-अर्चन किया। उन्होंने रामलला के चरणों में दीप जलाए, आरती उतारी और मंदिर की परिक्रमा की। इस अवसर पर चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्र, वेदप्रकाश गुप्त, अमित सिंह चौहान और कई अन्य प्रमुख जन उपस्थित रहे।
दीपोत्सव 2025 ने अयोध्या की आत्मा में भक्ति, गौरव और एकता का भाव भर दिया। सरयू के तट से लेकर राममंदिर तक, हर दीप में भक्ति और हर मन में श्रीराम की आराधना झिलमिला रही थी। यह केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि भारत की आस्था, संस्कृति और एकता का स्वर्णिम प्रतीक बन गया।
यह भी पढ़ें
दीपोत्सव 2025: अयोध्या में त्रेता युग का वैभव, भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक से झिलमिलाई रामनगरी
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।