
बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने वाले विजन का असर अब ज़मीनी स्तर पर साफ दिखाई देने लगा है। नाथ नगरी बरेली में आस्था का ऐसा माहौल बना है कि यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या एक करोड़ के पार पहुंच गई है। देश ही नहीं, विदेशों से भी श्रद्धालु और सैलानी अब बरेली को प्रमुख धार्मिक पर्यटन गंतव्य के रूप में देखने लगे हैं।
पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार- वर्ष 2023 में बरेली पहुंचे पर्यटकों की संख्या 81.56 लाख रही, वर्ष 2024 में यह बढ़कर 99.13 लाख हो गई, जबकि वर्ष 2025 में 1 करोड़ से अधिक पर्यटक बरेली पहुंचे। यह बढ़ोतरी योगी सरकार की पर्यटन नीति की सफलता को दर्शाती है।
बरेली में विदेशी पर्यटकों की संख्या में भी लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2023 में जहां 911 विदेशी पर्यटक आए थे, वहीं 2025 में यह संख्या बढ़कर 1,056 तक पहुंच गई। यह संकेत है कि बरेली की पहचान अब अंतरराष्ट्रीय धार्मिक पर्यटन मानचित्र पर भी बनने लगी है।
योगी सरकार द्वारा अयोध्या, मथुरा और काशी की तर्ज पर धार्मिक स्थलों को पर्यटन से जोड़ने की नीति का लाभ अब बरेली को भी मिल रहा है। स्मार्ट सिटी बरेली में स्थित सात नाथ मंदिरों को जोड़कर नाथ कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है। इसका पहला चरण पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे चरण का काम तेज़ी से जारी है। नाथ कॉरिडोर के पूर्ण होने के बाद पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी की उम्मीद है।
योगी सरकार का फोकस सिर्फ पर्यटकों की संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके ठहराव को बढ़ाने पर भी है। इसके लिए लाइट एंड साउंड शो की तैयारी की जा रही है, होम स्टे योजना के तहत विभिन्न क्षेत्रों में आवास विकसित किए जा रहे हैं। अधिकारियों का मानना है कि इससे स्थानीय व्यापार, होटल उद्योग, परिवहन और रोजगार को सीधा लाभ मिलेगा।
पर्यटन विभाग के अनुसार जनवरी से मार्च और सितंबर से दिसंबर के बीच पर्यटकों की संख्या सबसे अधिक रहती है। जनवरी 2023 में 6.20 लाख भारतीय पर्यटक, जनवरी 2024 में 7.05 लाख और जनवरी 2025 में 7.76 लाख भारतीय पर्यटक बरेली पहुंचे। वहीं नवंबर-दिसंबर पर्यटन के लिए सबसे बेहतर माह साबित हो रहे हैं। वर्ष 2025 में इन महीनों के दौरान 10.56 लाख से अधिक भारतीय पर्यटक जिले में आए।
उप निदेशक पर्यटन रवींद्र कुमार ने बताया कि जिले में पर्यटकों की गणना के लिए होटल रिकॉर्ड, धार्मिक स्थलों के आंकड़े और वीडियोग्राफी सर्वे का सहारा लिया जाता है। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर वार्षिक मूल्यांकन किया जाता है। करीब 20 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि भविष्य के लिए शुभ संकेत मानी जा रही है।
नाथ कॉरिडोर, होम स्टे योजना और सांस्कृतिक आयोजनों के साथ बरेली को अगला प्रमुख धार्मिक पर्यटन हब बनाने की दिशा में तेज़ी से कदम बढ़ाए जा रहे हैं।
| साल | भारतीय पर्यटक | विदेशी पर्यटक |
| 2023 | 81,56,673 | 911 |
| 2024 | 99,13,182 | 1,120 |
| 2025 | 1,00,27,544 | 1,056 |
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।