
वैशाली। भारी बारिश के बावजूद ब्रह्मानंद पंजियार कॉमर्स कॉलेज मैदान में लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चुनावी सभा में ‘जय श्री राम’ और ‘हर हर महादेव’ के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। योगी आदित्यनाथ लालगंज विधानसभा से बीजेपी प्रत्याशी संजय कुमार सिंह के समर्थन में पहुंचे थे।
सभा को संबोधित करते हुए योगी ने विपक्ष पर करारा हमला बोला और कहा, “राहुल गांधी अगर प्रचार में उतर आए हैं, तो एनडीए की जीत तय है।” बारिश में भीड़ के उत्साह को देखकर उन्होंने कहा, “यह कीचड़ में कमल खिलाने का संकेत है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि वैशाली की धरती लोकतंत्र की जननी है, जिसने दुनिया को नालंदा विश्वविद्यालय और भगवान महावीर जैसी अनमोल विरासत दी। आज यही भूमि नए भारत के संकल्प की गवाह बन रही है। CM योगी ने कहा कि नया भारत अब रुकता नहीं, झुकता नहीं और आतंकवाद व नक्सलवाद को उसकी मांद में घुसकर खत्म करना जानता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास और सुरक्षा दोनों क्षेत्रों में नई मिसालें कायम की हैं। उन्होंने कहा-
नया भारत सबका साथ, सबका विकास करता है, लेकिन तुष्टिकरण किसी का नहीं।
सीएम योगी ने कहा कि आज भारत दुनिया का एकमात्र देश है जो 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन, 50 करोड़ लोगों को मुफ्त इलाज और हर गरीब को घर, शौचालय और बिजली की सुविधा दे रहा है। उन्होंने कांग्रेस और आरजेडी पर निशाना साधते हुए कहा-
इन दलों ने 15 साल राज किया लेकिन गरीब को छत तक नहीं दे पाए। मोदी जी ने 10 साल में वो कर दिखाया जो ये नहीं कर सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तंज कसते हुए कहा, “राहुल गांधी जब भी प्रचार करते हैं, एनडीए की जीत सुनिश्चित हो जाती है। वे हमारी जीत की गारंटी हैं।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस-आरजेडी गठबंधन सत्ता में आया तो माफिया राज, लूट, अपहरण और बेटियों की असुरक्षा फिर लौट आएगी। गरीबों का राशन लूटा जाएगा और व्यापारी असुरक्षित महसूस करेंगे। लेकिन एनडीए ऐसा नहीं होने देगा।
योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति आज देश के लिए उदाहरण बन चुकी है। जो माफिया पहले सत्ता का हिस्सा बनते थे, आज जेल में हैं या प्रदेश छोड़कर भाग गए हैं। उन्होंने कहा-
हमारे बुलडोजर जब चलते हैं, तो माफिया की अवैध संपत्तियां ढहती हैं और उन्हीं जमीनों पर गरीबों के मकान बनते हैं। यूपी अब विरासत और विकास दोनों का मॉडल है, जहां न माफिया बचता है, न भ्रष्टाचार।
मुख्यमंत्री ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने ब्रिटिशों की विभाजन की साजिश को नाकाम करते हुए देश को एक सूत्र में बांधा। उन्होंने कहा-
प्रधानमंत्री मोदी उसी एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को आगे बढ़ा रहे हैं। अगर बिहार को भी विकसित बनाना है तो एनडीए की डबल इंजन सरकार को मजबूत करना होगा।
सीएम योगी ने कहा कि संजय कुमार सिंह जैसे जनसेवक को जिताना बिहार के भविष्य को सुरक्षित करना है। बारिश और कीचड़ के बावजूद जुटी भीड़ यह बता रही है कि लालगंज से इस बार कमल जरूर खिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की-
घर-घर जाकर वोट मांगिए, बिहार भी यूपी की तरह अपराध और अराजकता से मुक्त होगा। विकसित बिहार, विकसित भारत का रास्ता यहीं से निकलेगा।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।