
गोरखपुर, 20 अक्टूबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या के भव्य दीपोत्सव को समृद्धि, सुशासन और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि जहां विदेशी आक्रांताओं ने अयोध्या को अपमानित किया था, वहीं अब वही अयोध्या नव्य और दिव्य स्वरूप में देश-दुनिया को आकर्षित कर रही है। सीएम ने पूर्ववर्ती सपा और कांग्रेस सरकारों पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकारों ने भगवान श्रीराम के अस्तित्व को नकारने का प्रयास किया था, जबकि सपा सरकार ने रामभक्तों पर अत्याचार किए थे।
मुख्यमंत्री योगी सोमवार को गोरखपुर के वनटांगिया गांव जंगल तिकोनिया नंबर तीन पहुंचे। यहां उन्होंने वनवासियों के साथ दीपावली मनाई और लगातार नौवीं बार इस परंपरा को निभाया। उन्होंने जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों के लिए 49 करोड़ रुपये की 133 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने वनटांगिया समाज को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जब व्यक्ति अपनी विरासत पर गर्व करता है और पूर्वजों के प्रति कृतज्ञ होता है, तब समृद्धि और दिव्यता का मार्ग अपने आप खुलता है। उन्होंने कहा कि आज अयोध्या की पहचान सिर्फ उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे भारत का गौरव बन चुकी है।
CM योगी ने कहा कि आज की अयोध्या समरसता और एकता की प्रतीक है। उन्होंने बताया कि
मुख्यमंत्री ने बताया कि अयोध्या देश की पहली सोलर सिटी के रूप में विकसित हो रही है। यहां बिजली की आपूर्ति सूर्य की किरणों से की जा रही है। उन्होंने कहा कि अयोध्या का दीपोत्सव अब समृद्धि और सुशासन का प्रतीक बन गया है। त्योहारों का उद्देश्य समाज में आनंद और उत्साह का वातावरण बनाना है।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने अनुशासन और समर्पण के बल पर कानून-व्यवस्था के नए मानक स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को अपनाना हमारी समृद्धि की पहचान है। “हमारी शक्ति अनुशासन में है, और हमारी प्रगति स्वदेशी में छिपी है,” उन्होंने कहा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले वनटांगिया गांवों में सड़क, बिजली, पानी, स्कूल जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव था। लेकिन आज हर व्यक्ति के पास पक्का मकान, बिजली, आंगनबाड़ी केंद्र और आयुष्मान कार्ड जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। महिलाएं अब एफपीओ के माध्यम से सब्जी की खेती कर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं।
सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार का संकल्प है कि वनवासी, जनजाति और वंचित समाज को सभी सरकारी योजनाओं का लाभ मिले। उन्होंने कहा कि सरकार मुसहर, थारू, कोल, सहरिया, चेरो और बुक्सा समुदायों को गरीबी की रेखा से बाहर निकालने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास के जरूरतमंदों की मदद करें और किसी को भी दीपावली के उल्लास से वंचित न रखें। उन्होंने कहा कि “हर घर में दीप जलाना और हर व्यक्ति तक मिष्ठान पहुंचाना ही सच्ची दीपावली है।” सीएम ने लोगों से आग्रह किया कि वे गरीबों के साथ दीपावली की खुशियां साझा करें और “खुशियां बांटने की संस्कृति” को आगे बढ़ाएं।
कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व से अन्य राज्यों के नेता भी प्रेरणा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में त्योहार भय नहीं, बल्कि सौहार्द और प्रेम के माहौल में मनाए जाते हैं।
गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह ने कहा कि सीएम योगी की दूरदर्शी नीतियों से वनटांगिया गांव अब विकास की नई राह पर है। विधायक महेंद्रपाल सिंह ने कहा कि सीएम योगी ने समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति को भी सम्मान और अवसर दिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से कई योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चाबी, आयुष्मान कार्ड, पशुपालन विभाग के स्वीकृति पत्र, उद्यान विभाग के प्रमाण पत्र और मिनी बीज किट प्रदान किए।
मुख्यमंत्री ने जिले की ग्राम पंचायतों को 49 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का उपहार दिया। उन्होंने 128 परियोजनाओं का लोकार्पण (32.81 करोड़ रुपये) और 5 परियोजनाओं का शिलान्यास (16.80 करोड़ रुपये) किया।
कार्यक्रम के बाद सीएम योगी ने विभिन्न विभागों – वन, कृषि, महिला कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य, खादी और समाज कल्याण द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने तीन बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया और गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की। मुख्यमंत्री ने उन्हें उपहार देकर आशीर्वाद दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गांव भ्रमण के दौरान वनटांगिया समाज के मुखिया रामगणेश के घर पहुंचकर दीप जलाया और दीपोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की, बच्चों से ठिठोली की और उनके साथ फोटो खिंचवाए। उनके इस सहज और स्नेहपूर्ण व्यवहार से पूरा गांव उत्साह और आनंद से भर उठा।
यह भी पढ़ें
अयोध्या में कीर्तिमान रचकर इस खास जगह पहुंचे CM योगी, अलग अंदाज मे मनाई दिवाली
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।