
Hemwati Nandan Bahuguna Jayanti: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस मौके पर उन्होंने योजना भवन स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुगुणा जी भारतीय राजनीति के एक मजबूत और प्रभावशाली स्तंभ थे, जिनकी सेवाएं आज भी प्रेरणादायक हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बहुगुणा जी का जन्म 25 अप्रैल 1919 को तत्कालीन उत्तर प्रदेश (अब उत्तराखंड) के पौड़ी गढ़वाल जनपद में हुआ था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव में ही प्राप्त की और आगे की पढ़ाई के लिए प्रयागराज पहुंचे। छात्र जीवन से ही उनमें नेतृत्व क्षमता दिखाई देने लगी थी।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 1942 से 1946 के बीच बहुगुणा जी ने महात्मा गांधी के आह्वान पर ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ में सक्रिय भाग लिया। इस दौरान उनकी भूमिका इतनी महत्वपूर्ण रही कि ब्रिटिश सरकार ने उन्हें जेल में भी डाल दिया। देश की आजादी के लिए उनका संघर्ष सराहनीय रहा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 1952 के पहले आम चुनाव में बहुगुणा जी पहली बार उत्तर प्रदेश विधानसभा के सदस्य चुने गए। इसके बाद उन्होंने प्रदेश सरकार में मंत्री के रूप में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। आगे चलकर वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने और राज्य के विकास में अहम योगदान दिया। उन्होंने केंद्र सरकार में भी कई मंत्रालयों में अपनी सेवाएं दीं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बहुगुणा जी का विकास दृष्टिकोण आज भी प्रासंगिक है। उनके द्वारा किए गए कार्यों का प्रभाव आज भी देखा जा सकता है। उनका सार्वजनिक जीवन और देश सेवा वर्तमान पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक नीरज बोरा, अमरेश कुमार, विधान परिषद सदस्य लालजी प्रसाद निर्मल और रामचंद्र प्रधान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।