
कौशांबी (Kaushambi News): यूपी के कौशाम्बी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने अपनी मौत से पहले मायके पक्ष के मोबाइल पर एक आडियो संदेश भेजा। जिसे सुनकर परिवार बदहवास हो गया। आडियो संदेश में विवाहिता ने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा कि सब लोगों ने जहर मिला कर खिला दिया, अल्लाह हाफिज। हैरान-परेशान परिजन आनन फानन में विवाहिता के ससुराल पहुंचे तो उसकी अंतिम सांसे चल रही थी। इलाज के लिए उसे अस्पताल ले जाया गया। पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लड़की पक्ष के लोगों ने पुलिस को शिकायत की अर्जी दी है।
16 साल बाद भी नहीं हुआ था बच्चा
मृतका की पहचान सैनी के जफरपुर गांव निवासी गौस अहमद की बेटी शालिया के रूप में हुई है। उनकी शादी कड़ाधाम के ताज मल्लाहन गांव के रहने वाले फिरोज अहमद से हुई थी। शादी के 16 साल बाद भी दोनों को कोई बच्चा नहीं हुआ था। आरोप लगाया जा रहा है कि इसी को लेकर ससुराल पक्ष के लोग विवाहिता को प्रताड़ित किया करते थे। रविवार की रात को भी यही हुआ।
बांझ कहकर ताना दिया और खिला दिया जहर
ससुराल पक्ष के लोगों ने शालिया को बांझ कहकर ताना देना शुरु कर दिया। यहीं से विवाद शुरु हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर मृतका शालिया को जहर खिला दिया। आरोप लगाया जा रहा है कि इस कृत्य में शालिया के पति फिरोज और उसका भाई रईस, बहन बानो बेगम समेत सास-ससुर भी शामिल थे। इतना ही नहीं पहले विवाहिता को जहर खिलाया गया और फिर उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया। जहर खाने की वजह से विवाहिता की हालत बिगड़ने लगी तो उसने अपने मायके पक्ष के मोबाइल पर रिकार्डेड मैसेज भेजा।
परिजनों ने ससुराल वालों के खिलाफ दी तहरीर
यह रिकार्डेड मैसेज शालिया के मायके पक्ष के लोगों ने सुना तो बदहवास हो गए। घर में मातम पसर गया। आनन फानन में परिजना विवाहिता के ससुराल पहुंचे और विवाहिता को कमरे से निकालकर इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पर तब तक शालिया दम तोड़ चुकी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, विवाहिता के मायके पक्ष के लोगों ने पुलिस को तहरीर देकर सुसराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।