
Gorakhpur Ayush University inauguration: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में बनकर तैयार हुआ महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय अब उद्घाटन के मुहाने पर है। यह वही संस्थान है जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट माना जाता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 1 जुलाई 2025 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस विश्वविद्यालय का औपचारिक लोकार्पण करेंगी। उद्घाटन समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
गोरखपुर के भटहट ब्लॉक स्थित इस विश्वविद्यालय परिसर में उद्घाटन समारोह के लिए 11,500 वर्ग फीट क्षेत्र में जर्मन हैंगर पंडाल लगाया जा रहा है।
वहीं, वीआईपी अतिथियों के लिए स्विस कॉटेज की भी व्यवस्था की गई है। आयोजन स्थल को पूरी तरह से प्रशासनिक सुरक्षा और व्यवस्था के तहत सजाया जा रहा है।
इस विश्वविद्यालय का शिलान्यास 28 अगस्त 2021 को तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने किया था। यह 52 एकड़ क्षेत्रफल में फैला है और इसका नाम नाथ संप्रदाय के प्रसिद्ध संत महायोगी गुरु गोरखनाथ के नाम पर रखा गया है। प्रोफेसर ए.के. सिंह विश्वविद्यालय के पहले कुलपति नियुक्त किए गए हैं।
यह भी पढ़ें: अब हर गली बनेगी स्मार्ट? ग्रेटर गाजियाबाद में शामिल होंगे 3 इलाके
यह विश्वविद्यालय देश का पहला ऐसा संस्थान बनने जा रहा है जो आयुर्वेद, यूनानी, होम्योपैथी, योग और प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों को एकीकृत रूप से पढ़ाएगा और शोध कार्य कराएगा। आधुनिक चिकित्सा और पारंपरिक चिकित्सा का संगम यहां की शिक्षा प्रणाली की विशेषता होगी।
15 फरवरी 2023 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां आयुष ओपीडी का शुभारंभ किया था। तब से अब तक एक लाख से अधिक मरीजों ने यहां पर आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथिक उपचार सेवाओं का लाभ उठाया है।
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) ने भी इस विश्वविद्यालय में चलने वाले शोध कार्यक्रमों में रुचि दिखाई है। यह साझेदारी आयुष चिकित्सा को आधुनिक वैज्ञानिक आधार देने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय न केवल पूर्वांचल के युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार का केंद्र बनेगा, बल्कि आयुष चिकित्सा पद्धति को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में भी मील का पत्थर साबित होगा। उद्घाटन के साथ ही गोरखपुर एक राष्ट्रीय स्तर के आयुष हब के रूप में उभरेगा, जो पूरे भारत के लिए आदर्श बनेगा।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।