
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर चैत्र नवरात्रि की सप्तमी, अष्टमी और नवमी (25, 26 और 27 मार्च) को प्रदेश के देवी मंदिरों और शक्तिपीठों में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों में देवी गीत, भजन, दुर्गा सप्तशती पाठ, शक्ति आराधना और कई आध्यात्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल होंगे। संस्कृति विभाग इसकी तैयारियों में जुटा हुआ है और कलाकारों का चयन भी किया जा चुका है।
प्रदेश में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए "मिशन शक्ति" अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों में महिलाओं और बालिकाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। यह आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देने का भी माध्यम बनेगा।
संस्कृति विभाग ने प्रदेश के प्रमुख देवी मंदिरों और शक्तिपीठों में आयोजन की तैयारी पूरी कर ली है। इनमें मां विंध्यवासिनी देवी (विंध्याचल, मीरजापुर), ज्वाला देवी (सोनभद्र), सीता समाहित स्थल (भदोही), अलोपी देवी (प्रयागराज), कड़ावासिनी (कौशांबी), पाटेश्वरी देवी (देवीपाटन-बलरामपुर), ललिता देवी (नैमिषारण्य-सीतापुर), शाकुम्भरी देवी (सहारनपुर), कात्यायनी देवी (मथुरा), मां शीतला चौकिया धाम (जौनपुर), बेल्हा देवी (प्रतापगढ़), चंडिका देवी (उन्नाव), विशालाक्षी देवी (वाराणसी), देवकाली मंदिर (औरैया), मां तरकुलहा देवी (गोरखपुर), शीतला स्थल (मऊ), ललिता देवी (प्रयागराज), मां शिवानी देवी (चित्रकूट), गायत्री शक्तिपीठ (हमीरपुर), बैरागढ़ माता (जालौन), कुष्मांडा देवी (घाटमपुर, कानपुर देहात), शीतला माता मंदिर (मैनपुरी), चामुंडा माता मंदिर और बीहड़ माता मंदिर (फिरोजाबाद), चंद्रिका देवी मंदिर और संकटा देवी मंदिर (लखनऊ) सहित कई अन्य स्थान शामिल हैं।
सरकार ने निर्देश दिया है कि इन कार्यक्रमों में आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और नगर निकाय मिलकर सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करेंगे। साथ ही, लोक कलाकारों, भजन मंडलियों और कीर्तन समूहों का चयन भी किया जा चुका है, जो इन कार्यक्रमों में प्रस्तुति देंगे।
नवरात्रि के दौरान देवीपाटन मंदिर (बलरामपुर), शाकम्भरी देवी मंदिर (सहारनपुर) और विंध्यवासिनी देवी धाम (मीरजापुर) सहित सभी प्रमुख मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के सभी जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि सभी आयोजन स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, छाया, सुरक्षा, ध्वनि और प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। कतार में खड़े श्रद्धालुओं को धूप से बचाने के लिए छाजन की व्यवस्था की जाएगी। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सफाई कर्मियों की भी तैनाती की जाएगी ताकि सभी मंदिरों में स्वच्छता बनी रहे।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।