
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में आज बेहद खास और ऐतिहासिक दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम मंदिर के शिखर पर विशेष भगवा झंडा फहराने जा रहे हैं। यह सिर्फ एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि करोड़ों रामभक्तों के लिए भावनात्मक क्षण है, क्योंकि यह झंडा राम मंदिर निर्माण के पूर्ण होने का प्रतीक माना जा रहा है। PMO ने कहा है कि यह झंडा न सिर्फ मंदिर की शोभा बढ़ाएगा, बल्कि राम राज्य के आदर्शों-गरिमा, एकता और सांस्कृतिक निरंतरता का संदेश भी देगा।
यह ध्वजारोहण राम मंदिर के निर्माण पूरा होने का संकेत है। झंडा समकोण तिकोना, 10 फीट ऊंचा और 20 फीट लंबा है। इसके बीच में तेजस्वी सूरज का चित्र भगवान राम की शक्ति और प्रकाश का प्रतीक है।
झंडे पर ॐ और कोविदारा वृक्ष का चित्र आध्यात्मिक ऊर्जा और पवित्रता का प्रतीक माना जाता है। PMO के अनुसार, यह चिह्न भगवान राम के आदर्शों को दर्शाते हैं और मंदिर के आध्यात्मिक माहौल को और दिव्य बनाते हैं।
झंडा उत्तर भारतीय नागर शैली के शिखर पर फहराया जाएगा। यह मंदिर की पारंपरिक शैली को दिखाने के लिए है। मंदिर के चारों ओर बना 800 मीटर का परकोटा दक्षिण भारतीय आर्किटेक्चर में डिज़ाइन है यानी मंदिर दो अलग-अलग सांस्कृतिक शैलियों का संगम है।
यह पूरा आयोजन मार्गशीर्ष शुक्ल पंचमी, यानी विवाह पंचमी पर हो रहा है-जिस दिन माता सीता और भगवान राम का दिव्य मिलन हुआ था। इसे शुभ और आध्यात्मिक शुरुआत का दिन माना जाता है।
यही दिन गुरु तेग बहादुर के शहीदी दिवस से भी जुड़ा है। इतिहास में दर्ज है कि उन्होंने अयोध्या में 48 घंटे ध्यान किया था। इससे इस तारीख की आध्यात्मिक महत्ता और बढ़ जाती है।
मंदिर की दीवारों पर वाल्मीकि रामायण के 87 प्रसंग पत्थर पर उकेरे गए हैं। इसके साथ भारतीय संस्कृति से जुड़े 79 कांस्य ढाल लगाई गई हैं। यह सब मिलकर मंदिर को एक आध्यात्मिक अनुभव केंद्र बनाते हैं।
PM मोदी आज सप्तमंदिर, माता अन्नपूर्णा मंदिर, शेषावतार मंदिर सहित कई पवित्र स्थलों पर दर्शन करेंगे।
सप्तमंदिर में वशिष्ठ, विश्वामित्र, अगस्त्य, वाल्मीकि, देवी अहिल्या, निषादराज गुहा, माता शबरी की परंपराएं जुड़ी हैं।
प्रधानमंत्री राम दरबार गर्भगृह में पूजा करेंगे और फिर रामलला गर्भगृह में दर्शन। इसे सर्वोच्च आध्यात्मिक स्थान माना जाता है और मंदिर की आत्मा कहा जाता है।
6970 जवान, NSG स्नाइपर, एंटी-ड्रोन रामनगरी अयोध्या की निगहबानी में लगे हैं। यहां एक परिंदा भी पर नहीं मार सकता। पुरा शहर किले में बदल दिया गया है-
यह इसलिए क्योंकि कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
शहर में बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड, फायर यूनिट, VVIP प्रोटेक्शन टीम, रैपिड रिस्पॉन्स टीम, पूरी तरह सक्रिय हैं। वरिष्ठ अधिकारी लगातार फील्ड में रहकर निगरानी कर रहे हैं।
अयोध्या आज एक बार फिर इतिहास का साक्षी बनने जा रही है। PM मोदी द्वारा राम मंदिर के शिखर पर भगवा झंडा फहराना केवल धार्मिक रस्म नहीं, बल्कि सांस्कृतिक पुनर्जागरण, आध्यात्मिक संदेश और राम राज्य की परंपराओं को सम्मान देने का प्रतीक है। करोड़ों भक्तों की भावनाएँ इस पल से जुड़ी हैं, और पूरा देश इस दिव्य क्षण का इंतज़ार कर रहा है।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।