
वाराणसी। शिव की नगरी काशी में मंगलवार (28 अप्रैल) को मातृ शक्तियों का बड़ा सम्मेलन आयोजित होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे ‘जन-आक्रोश महिला सम्मेलन’ को संबोधित करेंगे। भाजपा द्वारा बरेका ग्राउंड में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 50 हजार महिलाओं के शामिल होने की संभावना है।
इस सम्मेलन की खास बात यह है कि इसकी पूरी जिम्मेदारी महिलाओं के हाथ में होगी। आयोजन से लेकर प्रबंधन और सुरक्षा तक, हर स्तर पर महिलाएं सक्रिय भूमिका निभाएंगी। यहां तक कि सुरक्षा व्यवस्था में भी महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। सम्मेलन में महिला सम्मान, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और समान अवसर जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी में 6,322 करोड़ रुपये की 163 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें 1054.69 करोड़ रुपये की 50 योजनाओं का उद्घाटन और 5277.39 करोड़ रुपये की 113 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। ये परियोजनाएं पूर्वांचल के विकास को नई गति देंगी और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करेंगी।
पीएम मोदी इस दौरे के दौरान दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इनमें बनारस-पुणे (हडपसर) और अयोध्या-मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) रूट शामिल हैं। इससे यात्रियों को बेहतर और तेज कनेक्टिविटी मिलेगी।
प्रधानमंत्री 28 अप्रैल को दोपहर बाद वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए शाम करीब 5 बजे बरेका जनसभा स्थल पहुंचेंगे। उनके स्वागत के लिए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक मौजूद रहेंगे। 29 अप्रैल को सुबह 8:30 बजे पीएम मोदी बीएलडब्ल्यू से काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करने जाएंगे। इसके अलावा वे जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक भी कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री के स्वागत को लेकर काशी में जबरदस्त उत्साह है। भाजपा कार्यकर्ता बनारस रेलवे स्टेशन, पुलिस लाइन, लहुराबीर, मैदागिन और विश्वनाथ मंदिर सहित पांच स्थानों पर ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के साथ स्वागत करेंगे।
मोदी-योगी सरकार के नेतृत्व में पूर्वांचल में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। नई परियोजनाएं ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करेंगी। सड़कों, फ्लाईओवर, अस्पताल, शिक्षा, जल आपूर्ति, सीवरेज, स्वच्छता और बिजली जैसी सुविधाओं में सुधार से लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।