
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के अगले मुख्य सचिव को लेकर चल रही अटकलों पर अब पूरी तरह से विराम लग गया है। सीनियर आईएएस शशि प्रकाश गोयल को राज्य का अगला मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। राज्य के वर्तमान मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह का कार्यकाल 31 जुलाई यानी आज समाप्त हो गया है। उनके रिटायर होने के बाद अब एसपी गोयल को मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। एसपी गोयल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सबसे भरोसेमंद अफसर माने जाते हैं। एसपी गोयल जनवरी 2027 में सेवानिवृत्त होंगे।
दरअसल, 1989 बैच के सीनियर IAS अधिकारी शशि प्रकाश गोयल अगले मुख्य सचिव की सूची में सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे थे। इसके पीछे एक मुख्य कारण उनकी अपनी अलग पहचान मानी जा रही थी। शशि प्रकाश गोयल पिछले साढ़े आठ साल से पंचम तल (सीएम कार्यालय) में तैनात थे। जिसके चलते प्रदेश के प्रशासन और जिलों में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। इतना ही नहीं, एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी होने के नाते एसपी गोयल की पकड़ न सिर्फ़ यूपी में, बल्कि दिल्ली की नौकरशाही और राजनीतिक गलियारों में भी काफ़ी मज़बूत मानी जाती है।
योगी सरकार ने राज्य के वर्तमान मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह को सेवा विस्तार दिलाने की पहल की थी, लेकिन उसके बावजूद मनोज कुमार सिंह को सेवा विस्तार नहीं मिला है, जबकि इससे पहले कई मुख्य सचिवों को सेवा विस्तार मिल चुका है। मनोज कुमार सिंह को सेवा विस्तार न मिलना केंद्र और यूपी सरकार के बीच तालमेल का अच्छा संकेत नहीं माना जा रहा है। हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब सीएम योगी के बेहद करीबी माने जाने वाले किसी अधिकारी को सेवा विस्तार नहीं मिला हो। इससे पहले यूपी के कार्यवाहक डीजीपी रहे प्रशांत कुमार को भी सेवा विस्तार नहीं मिला था, जबकि उस समय इस बात की खूब चर्चा थी कि मुख्यमंत्री के करीबी होने के नाते प्रशांत कुमार को 3 महीने के सेवा विस्तार का लाभ मिल सकता है।
ये भी पढ़ें- अमेठी: विधवा महिला के इश्क से मचा PM आवास योजना के अफसरों में हड़कंप, लखनऊ तक चर्चे
वर्तमान में मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव रहे एसपी गोयल को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। एसपी गोयल का पूरा नाम शशि प्रकाश गोयल है। लखनऊ निवासी एसपी गोयल का जन्म 1967 में हुआ था। उन्होंने बीएससी (ऑनर्स), एमसीए, ईएमआईबी (आईआईएफटी) किया है। वर्तमान में वे अपर मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री, नागरिक उड्डयन, संपदा एवं प्रोटोकॉल विभाग तथा अपर स्थानिक आयुक्त, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पद पर तैनात हैं। एसपी गोयल ने इटावा में सहायक मजिस्ट्रेट के पद से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वे अलीगढ़, बहराइच, मेरठ में सीडीओ और मथुरा, इटावा, प्रयागराज, देवरिया में जिलाधिकारी भी रहे हैं।
वे सपा सरकार में नियोजन विभाग के सचिव और कार्यक्रम कार्यान्वयन विभाग के प्रमुख सचिव रह चुके हैं। केंद्र की मोदी सरकार में वे मानव संसाधन एवं उच्च शिक्षा मंत्रालय में संयुक्त सचिव भी रह चुके हैं। वर्ष 2017 में योगी आदित्यनाथ के सत्ता में आने के बाद, प्रमुख सचिव ही मुख्यमंत्री बने और तब से वे सीएम के सबसे भरोसेमंद अधिकारी बने हुए हैं।
ये भी पढ़ें- UP : बरेली में फिल्मी स्टाइल में मर्डर: पति की कनपटी में गन लगा पत्नी को किया शूट
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।