
UP Government Jobs 2026: योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में आयुष विभाग, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग तथा दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के 481 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मिशन रोजगार” अभियान के तहत प्रदेश सरकार लगातार युवाओं को सरकारी नौकरियां दे रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और तकनीक आधारित बनाया है। अब किसी अभ्यर्थी को सिफारिश या अनैतिक तरीकों का सहारा लेने की जरूरत नहीं पड़ती। योग्यता ही चयन का आधार बनी है।
सीएम योगी ने कहा कि पहले सरकारी भर्तियों में जाति, क्षेत्र, पैसे और राजनीतिक प्रभाव को महत्व दिया जाता था, जिससे योग्य युवाओं का नुकसान होता था। उन्होंने कहा कि सरकार ने शुरुआत से ही भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और पेपर लीक जैसी समस्याओं को खत्म करने का संकल्प लिया। उन्होंने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग और अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की सराहना करते हुए कहा कि जवाबदेही और तकनीक के बेहतर उपयोग से यूपी आज देश में सबसे ज्यादा सरकारी नियुक्तियां देने वाला राज्य बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश की छवि में बड़ा बदलाव आया है। प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय, वार्षिक बजट और अर्थव्यवस्था तीन गुना बढ़ी है। यूपी अब देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 96 लाख एमएसएमई इकाइयों में 3 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिल रहा है। पिछले वर्षों में बड़े उद्योगों की संख्या भी तेजी से बढ़ी है।
सीएम योगी ने कहा कि आयुष क्षेत्र हेल्थ टूरिज्म और रोजगार की बड़ी संभावनाएं रखता है। वहीं कौशल विकास विभाग उद्योगों की जरूरत के अनुसार युवाओं को प्रशिक्षित कर रहा है। आईटीआई संस्थानों में एआई, ड्रोन टेक्नोलॉजी, साइबर सिक्योरिटी और रोबोटिक्स जैसे आधुनिक कोर्स शुरू किए गए हैं। उन्होंने दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि हर दिव्यांग व्यक्ति में प्रतिभा होती है, जरूरत सिर्फ सही मंच देने की है।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।