
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि जल जीवन मिशन के तहत होने वाले खुदाई कार्यों में सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि जैसे ही काम पूरा हो, तुरंत खोदी गई सड़कों और गड्ढों को भर दिया जाए ताकि आम जनता को किसी तरह की परेशानी न हो।
सीएम के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी जिलों में जिलाधिकारी, जल जीवन मिशन से जुड़े अधिकारी और अन्य विभागीय अधिकारी मौके पर जाकर निरीक्षण करेंगे। वे यह सुनिश्चित करेंगे कि जहां भी खुदाई हुई है, वहां सड़कों और गड्ढों को समय पर भरा जाए। किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि अगर कोई कार्यदायी संस्था या ठेकेदार काम अधूरा छोड़ता है, समय पर पूरा नहीं करता या लापरवाही बरतता है, तो उस पर जुर्माना लगाया जाए। इसके साथ ही ऐसे ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी की जाए।
सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जल समाधान पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। इसमें पानी की आपूर्ति, पाइपलाइन लीकेज और खुदाई से जुड़ी समस्याओं को जल्द से जल्द हल करना जरूरी होगा।
जल जीवन मिशन के तहत पानी की आपूर्ति या मरम्मत से जुड़ी शिकायतों के लिए सरकार ने टोल फ्री नंबर 18001212164 जारी किया है। आम लोग इस नंबर पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं और समाधान पा सकते हैं।
उत्तर प्रदेश में जल जीवन मिशन के तहत करीब 2.50 करोड़ से अधिक ग्रामीण परिवारों तक नल से जल कनेक्शन पहुंचाया जा चुका है। विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्रों में लगभग 100% लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। योगी सरकार प्रदेश के हर घर तक साफ पानी पहुंचाने के लिए लगातार तेजी से काम कर रही है।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।