
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने प्रधानमंत्री Narendra Modi के खिलाफ उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर कड़ा निशाना साधा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ की गई अभद्र, असंसदीय और अक्षम्य टिप्पणी कांग्रेस की राजनीतिक सोच और उसके संस्कारों को उजागर करती है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की भाषा और व्यवहार लगातार लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक मर्यादाओं को ठेस पहुंचाने वाले रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कांग्रेस के “युवराज” अपनी टिप्पणियों के जरिए पार्टी की मानसिकता और कुसंस्कारों को सामने ला चुके हैं।
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस इस समय हताशा, निराशा, कुंठा और मानसिक दिवालियेपन के चरम पर पहुंच चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता का समर्थन लगातार कम होने के कारण कांग्रेस नेताओं का राजनीतिक संतुलन और शालीनता भी खत्म होती जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है, वह भारतीय लोकतंत्र की गरिमा और राजनीतिक संस्कृति के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की स्थिति अब ऐसी हो गई है कि वह देश की जनता से माफी मांगने की नैतिक स्थिति में भी नहीं बची है।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।