UP News: सहारनपुर में CM योगी का विपक्ष पर हमला, विकास और कनेक्टिविटी मॉडल का किया जिक्र

Published : May 07, 2026, 09:02 PM IST
Yogi Adityanath in Saharanpur

सार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर में 2,131 करोड़ रुपये की 325 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में विकास, कनेक्टिविटी, सुरक्षा और रोजगार के नए अवसर पैदा किए हैं।

सहारनपुर। मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अब 'तुष्टीकरण' नहीं बल्कि 'संतुष्टिकरण' की राजनीति हो रही है। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारें सरकारी धन को कब्रिस्तान की बाउंड्री वॉल, कब्जों और जातीय-साम्प्रदायिक तुष्टीकरण पर खर्च करती थीं, लेकिन वर्तमान सरकार वही धन सड़क, विश्वविद्यालय, स्पोर्ट्स कॉलेज, आरसीसी ड्रेन, एक्सप्रेसवे और धार्मिक-पर्यटन स्थलों के विकास पर खर्च कर रही है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को सहारनपुर में 2,131 करोड़ रुपये की 325 विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सहारनपुर, जो कभी दंगों, फतवों और पलायन के कारण बदनाम था, आज विकास, औद्योगिक प्रगति और आधुनिक कनेक्टिविटी की नई पहचान बन चुका है।

डबल इंजन सरकार ने बदली पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार की नीतियों ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल दी हैं। पहले सहारनपुर से दिल्ली पहुंचने में लगभग 6 घंटे और लखनऊ पहुंचने में 12 से 14 घंटे लगते थे, लेकिन अब एक्सप्रेसवे और बेहतर कनेक्टिविटी के कारण दिल्ली सिर्फ ढाई घंटे और लखनऊ करीब 6 घंटे की दूरी पर रह गया है।

उन्होंने कहा कि जो लोग विकास में बाधा डालते हैं, वे जाति और तुष्टीकरण की राजनीति करके समाज को बांटने का प्रयास करते हैं। लेकिन अब जनता विकास, सुरक्षा और राष्ट्रवाद के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि अच्छी सरकारें चुनी जाती हैं तो उसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आते हैं और सहारनपुर इसका उदाहरण है।

दंगों और पलायन से विकास की ओर बढ़ा सहारनपुर

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2013 से 2016 के बीच सहारनपुर में दंगे, कर्फ्यू, पलायन और अराजकता का माहौल बना रहता था। उस समय शिक्षा, खेल और उद्योग का कोई बड़ा केंद्र यहां नहीं था। किसान परेशान थे, नौजवान रोजगार के लिए पलायन कर रहे थे और व्यापारी भय के माहौल में जीवन जी रहे थे।

उन्होंने कहा कि फतवों और कुसंस्कृति के कारण देवबंद की छवि खराब हो चुकी थी। 2016 के सिख विरोधी दंगे और मुजफ्फरनगर-शामली हिंसा का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उस समय पूरा पश्चिमी उत्तर प्रदेश अशांति से प्रभावित था, लेकिन सुनने वाला कोई नहीं था। उन्होंने कहा कि 2017 में डबल इंजन सरकार बनने के बाद सहारनपुर ने नई पहचान बनाई। यहां की विश्वस्तरीय काष्ठ कला को नया मंच मिला और आज सहारनपुर अपनी अलग पहचान स्थापित कर चुका है।

एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट और इंडस्ट्रियल हब से बदल रही सहारनपुर की तस्वीर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज सहारनपुर तेजी से विकास और कनेक्टिविटी का प्रमुख केंद्र बन रहा है। उन्होंने बताया कि 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री Narendra Modi ने दिल्ली-बागपत-शामली-सहारनपुर-देहरादून सिक्स लेन एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिली है।

उन्होंने कहा कि सहारनपुर में दिल्ली और देहरादून के बीच पहला बड़ा इंडस्ट्रियल और लॉजिस्टिक हब विकसित किया जा रहा है, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। इसके अलावा जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, मेरठ में देश की पहली रैपिड रेल और मेरठ से प्रयागराज तक लगभग 600 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब सहारनपुर से प्रयागराज साढ़े सात घंटे में पहुंचा जा सकेगा। सहारनपुर में मां शाकम्भरी विश्वविद्यालय की स्थापना की जा रही है, एयरपोर्ट का कार्य अंतिम चरण में है और बेहट में स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण हो रहा है। उन्होंने बताया कि आधुनिक बस स्टेशन, आरसीसी ड्रेन और बेहतर सड़क नेटवर्क पर तेजी से काम किया जा रहा है। मां शाकम्भरी धाम तक श्रद्धालुओं की आसान यात्रा के लिए एलिवेटेड हाईवे बनाया जा रहा है, जिससे हर मौसम में सुगमता से दर्शन किए जा सकेंगे।

सनातन संस्कृति और सुरक्षा के मुद्दे पर विपक्ष पर निशाना

मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, बिजनौर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बुलंदशहर और बागपत जैसे जिलों में विकास की स्वस्थ प्रतिस्पर्धा चल रही है। उन्होंने कहा कि विकास का कोई विकल्प नहीं होता, लेकिन कुछ लोग जाति और तुष्टीकरण की राजनीति से समाज को बांटने की कोशिश करते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि फतवों की संस्कृति को बढ़ावा देने वाले और गुंडों-माफिया को संरक्षण देने वाले लोग सनातन संस्कृति पर हमला होने पर चुप हो जाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब जनता सब समझ चुकी है और डबल इंजन सरकार ने सुरक्षा, विकास और सुशासन के माध्यम से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के युवाओं को नया विश्वास दिया है।

एटीएस सेंटर और सुरक्षा व्यवस्था पर सीएम योगी का बयान

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले देवबंद से छोटी-छोटी बातों पर भी फतवे जारी किए जाते थे। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की स्वतंत्रता और देश की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि कुंवर बृजेश सिंह के प्रस्ताव पर यहां तुरंत एटीएस (एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड) केंद्र स्थापित किया गया। एटीएस के कमांडो लगातार निगरानी कर रहे हैं और जो भी देश की सुरक्षा के खिलाफ काम करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी देशद्रोही सिर उठाएगा तो उसका काम तमाम होना तय है। जो लोग देश की सुरक्षा में सेंध लगाएंगे या युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करेंगे, उन्हें इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा।

भारत विरोधी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वंदे मातरम के अपमान को संज्ञेय अपराध की श्रेणी में रखा गया है। उन्होंने कहा कि अब भारत के राष्ट्रीय प्रतीकों का अपमान करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि यह स्वीकार नहीं किया जा सकता कि कोई व्यक्ति भारत में रहे, यहां का भोजन खाए और दुश्मन देशों के गीत गाए। उन्होंने लोगों से राष्ट्रीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और तुष्टीकरण की राजनीति करने वालों से सावधान रहने की अपील की।

325 विकास परियोजनाओं से सहारनपुर को मिलेगी नई रफ्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि सहारनपुर में जो प्रगति दिखाई दे रही है, वह डबल इंजन सरकार की तेज कार्यशैली का परिणाम है। उन्होंने बताया कि 2,131 करोड़ रुपये की कुल 325 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया। इनमें 500 करोड़ रुपये की 184 परियोजनाओं का लोकार्पण और 1,631 करोड़ रुपये की 141 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। ये परियोजनाएं बेहट, रामपुर मनिहारन, सहारनपुर नगर, सहारनपुर देहात, नकुड़, गंगोह और देवबंद क्षेत्रों में लागू होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सहारनपुर की गलियों से लेकर गांवों तक बेहतर कनेक्टिविटी और विकास की नई गति दी जा रही है।

PREV

उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

Yogi Government: निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया से बदली यूपी की सरकारी नौकरी व्यवस्था, युवाओं ने जताया भरोसा
UP News: योगी सरकार की पारदर्शी भर्ती से बदली युवाओं की सोच, नियुक्ति पत्र पाकर हुए भावुक