
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार अंशकालिक अनुदेशकों के सम्मान और बढ़े हुए मानदेय के वितरण को लेकर 17 मई को प्रदेशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। राजधानी लखनऊ के लोकभवन सभागार में होने वाले राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। यह कार्यक्रम शाम 4 बजे से शुरू होगा।
सरकार पहले ही शासनादेश जारी कर अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय में बढ़ोतरी का फैसला कर चुकी है। बढ़ा हुआ मानदेय 1 अप्रैल 2026 से लागू माना जाएगा। इसी निर्णय के तहत अब प्रदेश के सभी जिलों में प्रतीकात्मक चेक वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने इस संबंध में सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों में कहा गया है कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाले कार्यक्रम के समानांतर प्रत्येक जिले में भी बड़े स्तर पर आयोजन कराए जाएं। जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक, अन्य जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।
प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में अंशकालिक अनुदेशकों को बढ़े हुए मानदेय के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए जाएंगे। जनप्रतिनिधियों द्वारा इन चेकों का वितरण किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य अंशकालिक अनुदेशकों के योगदान को सम्मान देना और उन्हें आर्थिक रूप से प्रोत्साहित करना है। इससे शिक्षा व्यवस्था में कार्यरत शिक्षकों का मनोबल भी बढ़ेगा।
जिलाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि कार्यक्रम का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कराया जाए ताकि बड़ी संख्या में शिक्षक, अंशकालिक अनुदेशक और आम लोग इसमें शामिल हो सकें। सरकार चाहती है कि यह आयोजन केवल औपचारिक कार्यक्रम न होकर एक जनभागीदारी आधारित सम्मान समारोह बने। इसी को ध्यान में रखते हुए जिलों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और जनप्रतिनिधियों के संबोधन का भी आयोजन किया जाएगा।
शिक्षा विभाग ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी जिलों को विस्तृत दिशा-निर्देश भेज दिए हैं। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि कार्यक्रम व्यवस्थित और गरिमामय तरीके से आयोजित हो। प्रदेश सरकार का मानना है कि अंशकालिक अनुदेशक शिक्षा व्यवस्था का अहम हिस्सा हैं और उनके कार्यों को सम्मान देना जरूरी है।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।