UP Police Bharti 2026: योगी सरकार का बड़ा ऐलान, 1 लाख भर्ती से युवाओं को मिलेगा सुनहरा मौका

Published : Apr 28, 2026, 02:33 PM IST
UP Police Bharti 2026 CM Yogi Adityanath give Appointment letters up Police Telecommunications Department

सार

यूपी में युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1 लाख पुलिस भर्ती का ऐलान किया है। 936 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। पारदर्शी भर्ती, बेहतर ट्रेनिंग और आधुनिक सुविधाओं से यूपी पुलिस मजबूत बन रही है।

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को युवाओं को बड़ी खुशखबरी देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में योग्य और मेहनती नौजवानों के लिए यूपी पुलिस में शामिल होने के भरपूर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड लगभग 1 लाख नई भर्तियां करने जा रहा है।

पिछले तीन दिनों में यूपी होमगार्ड में 41 हजार पदों के लिए परीक्षा आयोजित की गई है। सिविल पुलिस, एसआई और होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ रही है।

936 अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति पत्र, दूरसंचार विभाग में नई शुरुआत

मुख्यमंत्री ने लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश पुलिस दूरसंचार विभाग के 936 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान विभाग की कार्यप्रणाली पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई।

ईमानदारी और पारदर्शिता से करें सेवा: सीएम योगी

सीएम योगी ने नवचयनित अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और ईमानदारी से पूरी हुई है। अब चयनित युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे भी ईमानदारी, पारदर्शिता और साफ नीयत के साथ अपनी सेवा दें। उन्होंने कहा कि जब हर नागरिक अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करेगा, तभी विकसित भारत का सपना साकार होगा।

पहले होती थी सिफारिश और लेनदेन, अब योग्यता ही आधार

मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 वर्ष पहले भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी थी और सिफारिश व लेनदेन का बोलबाला था। लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। अब भर्ती केवल योग्यता, क्षमता और आरक्षण के नियमों के आधार पर हो रही है। उन्होंने कहा कि अगर किसी में क्षमता है तो उसे आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता।

9 साल में 2.20 लाख से अधिक पुलिस कर्मियों की भर्ती

सीएम योगी ने बताया कि पिछले 9 वर्षों में यूपी पुलिस में 2.20 लाख से अधिक कर्मियों की भर्ती की गई है। हाल ही में 60 हजार आरक्षियों की दीक्षांत परेड भी आयोजित हुई, जिसके बाद वे फील्ड में तैनात हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश की सबसे बड़ी सिविल पुलिस है और 25 करोड़ लोगों की सेवा का दायित्व निभा रही है।

पुलिस ट्रेनिंग क्षमता में बड़ा इजाफा

मुख्यमंत्री ने बताया कि 2017 से पहले एक बार में केवल 3 हजार पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा सकता था, लेकिन अब 2025 में 60,244 आरक्षियों को एक साथ ट्रेनिंग दी गई। उन्होंने कहा कि साफ नीयत, स्पष्ट नीति और मजबूत इच्छाशक्ति से बड़े बदलाव संभव होते हैं।

खेलों में भी यूपी पुलिस का शानदार प्रदर्शन

सीएम योगी ने कहा कि यूपी पुलिस ने 500 से अधिक खिलाड़ियों को अपने बल में शामिल किया है। यही कारण है कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में यूपी पुलिस के खिलाड़ी अधिक पदक जीतते हैं।

पुलिस इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़ा सुधार

उन्होंने बताया कि 2017 में कई जिलों में पुलिस लाइन और थानों के भवन नहीं थे। अब 55 जिलों में हाईराइज पुलिस बैरक और आवासीय सुविधाएं उपलब्ध हैं। साथ ही मॉडल थाने, नए फायर स्टेशन, महिला पीएसी बटालियन, एसएसएफ और एसडीआरएफ जैसी नई इकाइयों का गठन किया गया है। फॉरेंसिक सुविधाओं को भी मजबूत किया गया है, जहां हर जिले में मोबाइल फॉरेंसिक लैब और प्रशिक्षित तकनीशियन तैनात हैं।

कानून व्यवस्था से बढ़ रहा निवेश और विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत कानून व्यवस्था से प्रदेश में निवेश बढ़ा है। यूपी अब दंगा और माफिया मुक्त होकर विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिल रहा है।

फिटनेस पर जोर: स्वस्थ शरीर, बेहतर सेवा

सीएम योगी ने युवाओं को फिट रहने का मंत्र देते हुए कहा कि शारीरिक रूप से फिट रहने से मानसिक मजबूती भी आती है, जिससे वे बेहतर तरीके से देश और समाज की सेवा कर सकते हैं।

दूरसंचार विभाग में आधुनिक तकनीक का बढ़ता उपयोग

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस दूरसंचार विभाग अब केवल वॉकी-टॉकी तक सीमित नहीं है, बल्कि आधुनिक तकनीकों के साथ स्मार्ट पुलिसिंग का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। उन्होंने कहा कि आने वाले 8 महीने का प्रशिक्षण अभ्यर्थियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा, जिससे वे नई तकनीकों को सीखकर फील्ड में प्रभावी ढंग से लागू कर सकेंगे।

नवचयनित अभ्यर्थियों में खुशी का माहौल

मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर चयनित युवा बेहद गौरवान्वित महसूस कर रहे थे। इस अवसर पर पूजा गुप्ता, वैशाली, शालिनी आनंद, अमन त्यागी, भूपेंद्र सिंह वर्मा, अंकित कुशवाहा, शुभम चौरसिया, श्याम सुंदर, मोनू पासवान और मनीष गौड़ को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

PREV

उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

Ganga Expressway: गंगा एक्सप्रेसवे से बदलेगी 12 जिलों की अर्थव्यवस्था, लॉजिस्टिक्स और रोजगार का नया मॉडल
UP Weather: यूपी में कहीं झुलसाने वाली गर्मी, तो कहीं बारिश, जानिए आपके शहर का हाल