
लखनऊ। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश पुलिस दूरसंचार विभाग में चयनित 936 प्रधान परिचालक और प्रधान परिचालक (यांत्रिक) अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। नियुक्ति पत्र पाकर सभी अभ्यर्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कई अभ्यर्थियों ने बताया कि यह उनके परिवार की पहली सरकारी नौकरी है, जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दिल से आभार व्यक्त किया।
चयनित अभ्यर्थियों ने कहा कि योगी सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और भ्रष्टाचार मुक्त बनाया है। इससे मेहनती और योग्य युवाओं को सही अवसर मिल रहा है। प्रयागराज की महिमा यादव ने बताया कि वर्ष 2006 के बाद इतने बड़े स्तर पर सीधी भर्ती होना युवाओं के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया बेहद साफ-सुथरी और पारदर्शिता के साथ पूरी हुई है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश लगातार प्रगति कर रहा है।
एटा के कुशाल चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र लेना उनके लिए गर्व का पल है। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने जमीन पर काम करते हुए गुंडों और माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है, जिससे प्रदेश में सुरक्षा का माहौल बना है। प्रयागराज के सौरभ मिश्रा ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में सरकार ने जीरो टॉलरेंस नीति अपनाकर अपराध पर नियंत्रण किया है। पुलिस बल की संख्या और संसाधनों में बढ़ोतरी से कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री की कार्यशैली को प्रेरणादायक बताया।
प्रयागराज की अदिति राठौर ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बड़ा बदलाव आया है। अब महिलाएं पहले से ज्यादा सुरक्षित महसूस करती हैं। गोरखपुर की शालू गुप्ता और अयोध्या की सपना पांडेय ने भी मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। अभिषेक कुमार ने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के कारण ही उन्हें इस विभाग में सेवा का अवसर मिला है।
अलीगढ़ के अरविंद ने बताया कि नियुक्ति पत्र मिलने से उनका पूरा परिवार गर्व महसूस कर रहा है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे मेहनत करते रहें, सरकार लगातार रोजगार के अवसर प्रदान कर रही है।
झांसी के विशाल कुमार शर्मा ने कहा कि नियुक्ति पत्र मिलना उनके जीवन का यादगार दिन है और अब वे प्रशिक्षण लेकर पूरी निष्ठा के साथ सेवा करेंगे। हेवल कुमार रत्नागर ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष रही। एटा के रामहरि ने बताया कि रेडियो और दूरसंचार विभाग में चयन उनके परिवार के लिए बहुत खुशी का अवसर है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में प्रतिभा और मेहनत को सम्मान मिल रहा है।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।