
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह लखनऊ सहित प्रदेश के कई जिलों में आई आंधी-बारिश और खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पूरी सरकारी मशीनरी सक्रिय रखी जाए।
मुख्यमंत्री ने प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे हर हाल में यह सुनिश्चित करें कि खराब मौसम का असर कम से कम हो। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की जनहानि, पशुहानि, घायलों या आपदा प्रभावित लोगों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा दिलाना सुनिश्चित किया जाए। इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल स्वीकार नहीं होगी।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सरकार हर कठिन परिस्थिति में किसानों और प्रदेश के सभी नागरिकों के साथ खड़ी है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि खराब मौसम के कारण कई जिलों में सड़क दुर्घटनाएं भी हुई हैं। ऐसे स्थानों पर राहत और बचाव कार्यों को तेजी से चलाया जाए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में पहुंचाकर उनका इलाज सुनिश्चित किया जाए।
आंधी और बारिश के कारण किसानों और आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि हर संभव प्रयास किया जाए ताकि इस खराब मौसम का असर न्यूनतम हो और लोगों को राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे लगातार फील्ड में रहकर स्थिति का जायजा लें। इसके साथ ही फील्ड अधिकारियों को भी प्रभावित क्षेत्रों में जाकर लोगों से सीधे संपर्क करने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि अधिकारी आपसी समन्वय के साथ राहत कार्यों को प्रभावी तरीके से चलाएं। किसी भी तरह की आपात स्थिति या जरूरत की जानकारी समय पर एकत्र कर शासन तक पहुंचाई जाए, ताकि प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द सहायता मिल सके।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।