विश्वकर्मा एक्सपो 2025: सीएम योगी ने लॉन्च किए 12 नए ट्रेड्स, ₹1.32 लाख करोड़ लोन और 12 हजार कारीगरों को टूलकिट

Published : Sep 17, 2025, 09:08 PM IST
vishwakarma expo 2025

सार

विश्वकर्मा एक्सपो-2025 का शुभारंभ सीएम योगी ने लखनऊ में किया। 12 नए ट्रेड्स जोड़े गए, MSME सेक्टर को ₹1.32 लाख करोड़ लोन, 12 हजार कारीगरों को टूलकिट और 111 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र मिले।

लखनऊ, 17 सितम्बर। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भगवान विश्वकर्मा जयंती के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘विश्वकर्मा एक्सपो-2025’ का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि पारंपरिक 11 कारीगर ट्रेड्स के साथ अब 12 नए ट्रेड्स जोड़े गए हैं। इनमें मोबाइल रिपेयरिंग, ऑटोमोबाइल रिपेयरिंग, इलेक्ट्रॉनिक और इलेक्ट्रिकल गुड्स रिपेयरिंग, प्लंबिंग, कंप्यूटर रिपेयरिंग, सोलर पैनल रिपेयरिंग, डिजिटल फोटोग्राफी, ब्यूटी एंड वेलनेस सहित कई क्षेत्र शामिल हैं। सीएम योगी ने कहा कि इन नए ट्रेड्स से युवाओं को आत्मनिर्भरता, आधुनिक तकनीक और वैश्विक बाजार से जोड़ा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े आठ वर्षों में कारीगरों और शिल्पकारों ने उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने कहा कि अब यूपी को बीमारू राज्य कहना गलत है, क्योंकि यह प्रदेश देश का ग्रोथ इंजन बन चुका है और अब यहां अपार संभावनाएं हैं।

₹1.32 लाख करोड़ का लोन MSME सेक्टर के लिए

कार्यक्रम में बैंकों ने प्रदेशभर के कारीगरों, शिल्पकारों और उद्यमियों के लिए ₹1,32,000 करोड़ का ऋण दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राशि कई राज्यों के पूरे साल के बजट से भी अधिक है। इस दौरान उन्होंने सीतापुर की शशि देवी को ₹2 लाख और लखनऊ की अंशु शर्मा को ₹9.5 लाख का ऋण प्रदान किया।

विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना में 12 हजार कारीगरों को टूलकिट

विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत प्रदेशभर के 12,000 कारीगरों को टूलकिट दी गई। मंच से मुख्यमंत्री ने लखनऊ के ऋत्विक कनौजिया और प्रियंका कुमारी को टूलकिट देकर सम्मानित किया।

युवाओं को जॉब सीकर नहीं, जॉब प्रोवाइडर बनाना

सीएम योगी ने कहा कि यूपी अब जॉब सीकर्स नहीं बल्कि जॉब प्रोवाइडर्स तैयार कर रहा है। उन्होंने बताया कि 2017 में जहां 100 रुपये जमा पर केवल 44 रुपये का ऋण मिलता था, वहीं आज यह अनुपात 62% हो गया है। सरकार का लक्ष्य है कि अगले वित्तीय वर्ष तक यह 75% तक पहुंच जाए।

यह भी पढ़ें

यूपीआईटीएस-2025 में दिखेगा यूपी का जादू, निवेश और संस्कृति का अनोखा संगम

ODOP से मिली नई पहचान

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना ने यूपी को नई पहचान दी है। इस योजना की वजह से प्रदेश का निर्यात 1 लाख 86 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इससे लाखों युवाओं को रोजगार मिला और यूपी को राष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान मिली।

ग्रामीण भारत की आत्मनिर्भरता

अपने भाषण में योगी आदित्यनाथ ने महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के विचार को याद किया। उन्होंने कहा कि पहले गांव आत्मनिर्भर होते थे और कारीगर ही सामाजिक व आर्थिक व्यवस्था को मजबूत बनाते थे। उन्होंने उदाहरण दिया कि आज क्रिकेट और फुटबॉल का सामान मेरठ में बनता है, चमड़े का काम आगरा में होता है, जबकि कार्पेट के लिए वाराणसी, मीरजापुर और भदोही के कारीगर पूरी दुनिया में मशहूर हैं।

तकनीकी ट्रेनिंग के लिए MoU

कार्यक्रम में कई कंपनियों और संगठनों के साथ 3 अहम एमओयू साइन किए गए। इनमें रेलटेल इंडिया, जीएमआर, शाही एक्सपोर्ट्स, ऊषा इंटरनेशनल, लक्मे, मिस्टर ब्राउन, मिंडा सिल्का, एचसीएल फाउंडेशन, ऐप्टेक, केयर स्किल एकेडमी, अपैरल ट्रेनिंग एंड डिजाइन सेंटर समेत कई संस्थान शामिल रहे। ये कंपनियां पारंपरिक कारीगरों को नई तकनीक से प्रशिक्षित करेंगी।

कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र

प्रदेश के 111 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र दिए गए। मंच से मुख्यमंत्री ने 11 अभ्यर्थियों को खुद नियुक्ति पत्र सौंपा। इनमें औरैया की शिवा दीक्षित, मथुरा की ज्योति सिंह, हमीरपुर के रोहित कुमार, बांदा के नंदबाबू पटेल, देवरिया के अमित कुमार गोंड, बहराइच के रजनीश कुमार तिवारी, अंबेडकर नगर की संध्या वर्मा, लखनऊ की श्वेता श्रीवास्तव, कानपुर की कविता मौर्या, उन्नाव के शशांक यादव और हापुड़ के रविन्द्र निगम शामिल थे।

एक्सपो और ट्रेड शो से बड़े अवसर

मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि विश्वकर्मा एक्सपो 17 से 19 सितंबर तक चलेगा। इसके बाद 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो आयोजित होगा, जिसमें दुनिया भर के खरीदार आएंगे। उन्होंने कारीगरों और उद्यमियों से अपील की कि वे इस मौके का लाभ उठाएं और अपने प्रोडक्ट को वैश्विक मंच तक पहुंचाएं।

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर तोहफा

सीएम योगी ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा जयंती के साथ ही आज देश के सबसे लोकप्रिय नेता और नए भारत के शिल्पी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है। उन्होंने इस अवसर को “दोगुनी खुशी का दिन” बताते हुए कहा कि पीएम मोदी का विकसित भारत 2047 का लक्ष्य पूरा करने में उत्तर प्रदेश की बड़ी भूमिका होगी।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, पूर्व एमएलसी मोहसिन रजा, अपर मुख्य सचिव एमएसएमई आलोक कुमार, सचिव प्रांजल यादव, विजयेन्द्र पांडियन, शैलेन्द्र कुमार सिंह, दीपक कुमार डे समेत बड़ी संख्या में कारीगर, शिल्पकार, उद्यमी, बैंकर्स और चार्टेड अकाउंटेंट मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें

पीएम मोदी के जन्मदिन पर UP में आंगनबाड़ी बहनों को बड़ी सौगात! मानदेय बढ़ाने और मिलेगा स्मार्टफोन

PREV

उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

90 केस, 10 साल का आतंक…आखिरकार शामली पुलिस एनकाउंटर में हुआ ढेर-कौन था रिहान अंसारी?
Prayagraj Weather: साफ आसमान के बीच ठंडी हवाएं! क्या आज प्रयागराज में ठंड से मिलेगी राहत?