West Bengal Chunav 2026: उदयनारायणपुर में CM योगी का बड़ा दावा, ‘खेला खत्म, अब विकास शुरू’ का दिया संदेश

Published : Apr 22, 2026, 05:41 PM IST
Yogi Adityanath Udaynarayanpur Howrah bjp election campaign

सार

उदयनारायणपुर रैली में योगी आदित्यनाथ ने टीएमसी पर हमला बोलते हुए विकास, कानून-व्यवस्था और संस्कृति के मुद्दे उठाए। उन्होंने डबल इंजन सरकार बनने पर बंगाल में बदलाव और सुरक्षा का भरोसा दिलाया।

हावड़ा। पश्चिम बंगाल के उदयनारायणपुर में आयोजित जनसभा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रभाव साफ नजर आया। भीषण गर्मी और कथित बाधाओं के बावजूद हजारों लोग सिर पर गमछा और छाता लेकर उन्हें सुनने पहुंचे।

भाजपा उम्मीदवार प्रभाकर पंडित के समर्थन में सभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने लोगों को भरोसा दिलाया कि 4 मई के बाद राज्य में बदलाव की शुरुआत होगी और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई होगी। मंच पर पहुंचने से पहले उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात भी की।

'टीएमसी ने सभा रोकने की कोशिश की, फिर भी मैं आया'- CM योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री ने बताया कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने इस सभा को रोकने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि टेंट लगाने और कार्यक्रम आयोजित करने में बाधाएं डाली गईं। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद उन्होंने तय किया कि वे कार्यक्रम में जरूर आएंगे, चाहे धूप में ही सभा क्यों न करनी पड़े। उन्होंने अन्य कार्यक्रमों को स्थगित कर इस जनसभा में भाग लिया।

कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया, सुबोध जीत के परिवार से मिले

सभा के दौरान योगी आदित्यनाथ ने दिवंगत भाजपा कार्यकर्ता सुबोध जीत की मां से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ऐसे घटनाओं से कार्यकर्ताओं का मनोबल कमजोर नहीं होगा, बल्कि और मजबूत होगा। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को साहसी बताते हुए कहा कि 4 मई के बाद हालात बदलेंगे और जवाब दिया जाएगा।

'धमकियों के बावजूद जनता का उत्साह ऐतिहासिक'- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री ने सभा में मौजूद लोगों के उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि टीएमसी कार्यकर्ताओं की धमकियों और गर्मी के बावजूद लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। उन्होंने कहा कि मां दक्षिणेश्वर काली के आशीर्वाद और बंगाल की बलिदानी परंपरा के कारण यह समर्थन मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि उदयनारायणपुर सहित हावड़ा की सभी सीटों पर भाजपा को सफलता मिलेगी।

बंगाल में बेरोजगारी और उद्योगों पर उठाए सवाल

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बंगाल कभी देश का ज्ञान और सांस्कृतिक केंद्र था, लेकिन अब स्थिति बदल गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में लाखों युवा बेरोजगार हुए हैं और उद्योग-धंधे प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि धान, चावल और मछली उत्पादन में गिरावट आई है और राज्य की आर्थिक स्थिति कमजोर हुई है।

CM योगी का भाषा और संस्कृति पर बयान: 'बंगाल में बांग्ला ही प्राथमिक'

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ नेताओं द्वारा भाषा को लेकर दिए गए बयान उचित नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बंगाल में बांग्ला भाषा और संस्कृति को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 'बंगाल के दिल में काली और नयनों में बेलूर मठ है, जो राज्य की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाता है।'

'डबल इंजन सरकार से होगा विकास और सुरक्षा'- CM योगी आदित्यनाथ

योगी आदित्यनाथ ने लोगों से भाजपा को समर्थन देने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2017 के बाद कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है और त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जाते हैं। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का उदाहरण देते हुए कहा कि विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण संभव है। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार बनने से बंगाल में भी सुरक्षा और विकास सुनिश्चित होगा।

'अब खेल खत्म, विकास शुरू'- CM योगी का चुनावी संदेश

मुख्यमंत्री ने अपने भाषण के अंत में कहा कि 'खेला होबे' की जगह अब 'खेला खत्म, विकास शुरू' का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र से आने वाली विकास योजनाओं का सही उपयोग होगा और धार्मिक आयोजनों को बिना बाधा के मनाया जा सकेगा। उन्होंने जनता से अपील की कि वे बदलाव के लिए मतदान करें और बंगाल को नई दिशा दें।

PREV

उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

West Bengal Elections 2026: चकदहा में CM योगी का ममता सरकार पर वार, नदिया से ‘नए बंगाल’ के निर्माण का आह्वान
Meerut Blue Drum Murder Case: 'मेरे बेटे के कातिलों को फांसी दो!' कोर्ट में फूट-फूटकर रोईं सौरभ की मां